बरेली: स्मार्ट सिटी के तहत बनाए जाएंगे पांच हेल्थ सेंटर
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सड़क सहित कई निर्माण कार्यों के साथ बेहतर सेवाओं के लिए भी कई कामों को मंजूरी दी गई है। इन महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल स्मार्ट हेल्थ सेंटर को भी महत्व देते हुए इसका काम शुरू कराने के लिए टेंडर किए गए हैं। लोगों को फौरी चिकित्सा सुविधाएं …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सड़क सहित कई निर्माण कार्यों के साथ बेहतर सेवाओं के लिए भी कई कामों को मंजूरी दी गई है। इन महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल स्मार्ट हेल्थ सेंटर को भी महत्व देते हुए इसका काम शुरू कराने के लिए टेंडर किए गए हैं। लोगों को फौरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पांच जगहों पर स्मार्ट हेल्थ सेंटरों को भी बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। इनके निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कराने की कोशिश भी शुरू कर दी गई है।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पिछले साल भी शहर में स्मार्ट हेल्थ सेंटर बनाने के लिए टेंडर मांगे गए थे, लेकिन ठेकेदारों के दिलचस्पी न दिखाने से इस परियोजना को पूरा नहीं किया जा सका था। इस कारण टेंडर की प्रक्रिया को भी पूरा नहीं किया जा सका था। बीते दिनों एक बार फिर स्मार्ट सिटी कंपनी के कर्मचारियों ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की। कुछ दिन पहले ही प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसमें कार्यदायी संस्था को चुन लिया गया है। अब जल्द शहर में स्मार्ट हेल्थ सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसमें जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इनका निर्माण पीपीपी यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत कराया जाना प्रस्तावित है।
तमाम चिकित्सा सुवधाएं मिलने के साथ ही सभी तरह की जांचें भी की जाएंगी। सुविधा के बदले बहुत कम फीस लोगों से ली जाएगी। शुरुआत में इसे बीस साल तक के लिए चलाया जाएगा। यह सेंटर हजियापुर, गांधी नगर,डेलापीर तालाब के पास बुखारपुरा और जसोली में बनाया जाना है। इन हेल्थ सेंटरों में आधुनिक मशीनों से जांच की सुविधा, इमेजिंग सुविधा, फार्मेसी, टेलीमेडिसिन, फीजियोथैरेपी, डेंटल केयर यूनिट, आई केयर यूनिट और साइक्लोजिकल आदि सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पांच हेल्थ सेंटरों को भी बनाया जाना है, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं दिलाई जा सकें। इनका निर्माण कार्य जलद ही प्रारंभ किया जाएगा। -अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त व सीईओ, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी
