बरेली: नाले में फिर पड़े मिले गौवंशीय पशुओं के अवशेष
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी में एक बार फिर गौवंशीय पशुओं के अवशेष नाले में पड़े मिले हैं। तीन दिन पहले इसी इलाके में अवैध स्लाटर हाउस का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस लगातार गौ तस्करों की गिरफ्तारी की बात कर रही थी। दोबारा अवशेष मिलने के बाद साफ है कि तस्कर …
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी में एक बार फिर गौवंशीय पशुओं के अवशेष नाले में पड़े मिले हैं। तीन दिन पहले इसी इलाके में अवैध स्लाटर हाउस का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस लगातार गौ तस्करों की गिरफ्तारी की बात कर रही थी। दोबारा अवशेष मिलने के बाद साफ है कि तस्कर खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। शांति व्यवस्था के चलते क्षेत्र में पीएसी को भी तैनात किया गया। वहीं संगठन पदाधिकारी की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
फरीदापुर चौधरी में रविवार सुबह एक नाले में गौवंशीय पुशओं के अवशेष मिले। राष्ट्रीय योगी सेना गोरक्षा प्रकोष्ठ के जिला मंत्री हिमांशु पटेल ने बताया कि उन्हें फोन कॉल के जरिए अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना देने वाले ने उनके पास वीडियो और फोटो भी भेजे थे। इसके बाद उन्होंने इज्जतनगर पुलिस को सूचना दी और उनके साथ फरीदापुर चौधरी पहुंचे। गांव में रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक कन्या इंटर कॉलेज के पास बह रहे नाले में गौवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े थे।
मौके पर कान में पशु की पहचान के लिए लगाया जाने वाला टैग भी लगा हुआ पाया गया है। इसके बाद पुलिस ने पशु विभाग की टीम को बुलाया, जिसके अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गौवंशीय पशुओं के अवशेष होने की पुष्टि भी की। इसके बाद संगठन के जिला मंत्री और तहसील अध्यक्ष अरुण पटेल व अन्य पदाधिकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के समझाने के बाद संगठन जिला मंत्री की ओर से तहरीर दी गई, जिसपर पुलिस ने गौवध अधिनियम के तहत एक और रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे गौकशी के मामलों के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर प्रभारी एसपी ट्रैफिक/एसपी सिटी राम मोहन सिंह के निर्देश पर पीएसी की टुकड़ी को भी तैनात कर दिया गया। वहीं बताया जा रहा है कि कॉबिंग के दौरान हल्के विवाद की स्थिति पैदा होने पर पीएसी द्वारा लाठी चार्ज भी किया गया। हालांकि कुछ समय बाद माहौल शांत हो गया था।
चार गांव में चल रहा है स्लाटर हाउस
गौवंशीय पशुओं के लगातार हो रहे कटान के खिलाफ शिकायत करते हुए गौ रक्षा सेना प्रकोष्ठ के जिला मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में ही फरीदापुर चौधरी समेत रहपुरा चौधरी, परतापुर चौधरी, सिकलापुर में भी धड़ल्ले से अवैध बूचड़ खाने संचालित हो रहे हैं। आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस की सांठगांठ से ही अवैध बूचड़खाना चलाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने शनिवार की देर रात सुर्खा बानखाना के रहने वाले एक गौ तस्कर उस्मान को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही फरीदापुर चौधरी के रहने वाला मुख्य अभियुक्त अनीश उर्फ़ अन्नी व उसके अन्य साथी फरार हैं।
पुलिस ने मामले में सफीक उर्फ टूटा, उसके बेटे सलीम, वली, अनीश उर्फ़ गुडडू पुत्र रफीक, मुन्ना पुत्र जावेद, साकिर पुत्र जावेद के नाम खोल दिये हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो गये। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची पुलिस ने आरोपियों के न मिलने पर उनके घर में तोड़फोड़ भी की।
डेरी संचालक भी पुलिस के निशाने पर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र के कुछ डेरी संचालक भी पुलिस जांच टीम के निशाने पर हैं। इसका कारण बताया जा रहा है कि कुछ डेरी संचालक बाहर से गाय खरीदकर लाते हैं और गाय के दूध बंद कर देने पर उन्हें गौकशों को बेच देते हैं। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ डेरी संचालक ऐसे भी हैं जो गौ तस्करों के लिए सीधे गौवंशीय पशुओं की खरीद करते हैं, इसमें उनका कमीशन भी तय होता है। पुलिस ने कुछ डेरी संचालकों को चिन्हित भी किया है। जिनपर निगरानी रखते हुए पुलिस मामले जांच में जुटी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। रविवार को सामने आए मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, शांति व्यवस्था के लिए पीएसी भी तैनात कर दी गई है। -राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक/प्रभारी एसपी सिटी
