सीतापुर: तीन अलग-अलग सड़क हादसों में विक्षप्त समेत तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कमलापुर/पिसावां, सीतापुर। थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से जहां एक मानसिक विच्छिप्त युवक की मौत हो गई, वहीं सड़क पार कर रहे एक साइकिल सवार युवक की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से जान चली गई। इसके अलावा पिसावां इलाके में एक ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। तीनों …

कमलापुर/पिसावां, सीतापुर। थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से जहां एक मानसिक विच्छिप्त युवक की मौत हो गई, वहीं सड़क पार कर रहे एक साइकिल सवार युवक की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से जान चली गई। इसके अलावा पिसावां इलाके में एक ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। तीनों घटनाओं से संबंधित थाने की पुलिस को अवगत करा दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक विच्छिप्त की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में एक मानसिक विच्छिप्त युवक इधर उधर घूमता था। सोमवार की सुबह करीब चार बजे क्षेत्र में नहर चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने विच्छिप्त युवक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा कमलापुर इलाके के ही बरईखेड़ा गांव निवासी पैंतीस वर्षीय रिंकू पुत्र रामसागर रविवार की शाम शाहपुर बाजार खरीददारी करने गया था। तभी वह शाजपुर स्थित शराब ठेके के पास सड़क पार करने लगा। इसी बीच एक ट्रैक्टर ने उसको टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को फौरन जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान रात को उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसी तरह पिसावां इलाके के भगवानपुर गांव निवासी सत्तर वर्षीय गुजई सोमवार की दोपहर पैदल ही कुतुबनगर बाजार जा रहे थे। जब यह कुतुबनगर- रामकोट मार्ग पर देवगवां के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। जिससे बुजुर्ग गुजई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-सीतापुर: शराब ठेके से बरामद हुई भारी मात्रा में नकली शराब, दबोचे गए तीन शातिर

संबंधित समाचार