पर्दाफाश : प्रेमी का साथ न छोड़ने की जिद पर अड़ी थी बहन, भाई ने ले ली जान
संभल/बहजोई, अमृत विचार। थाना रजपुरा क्षेत्र में हुए सुधा हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश कर दिया। हत्या के आरोप में युवती के भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके अनुसार वह बहन के प्रेमी के साथ रहने को लेकर नाराज था। इसको …
संभल/बहजोई, अमृत विचार। थाना रजपुरा क्षेत्र में हुए सुधा हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश कर दिया। हत्या के आरोप में युवती के भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके अनुसार वह बहन के प्रेमी के साथ रहने को लेकर नाराज था। इसको लेकर ही उसने उसकी हत्या कर डाली और शव को ले जाकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा, बाइक आदि सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी का चलान कर दिया गया है।
25 नवंबर को रजपुरा थाना क्षेत्र के मेहुआ हसनगंज गांव में सड़क किनारे झाड़ियों में गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव तरफरी निवासी रामेश्वर की 21 वर्षीय बेटी सुधा का शव मिला था। रामेश्वर ने युवती के प्रेमी शिशुपाल निवासी गांव भीकमपुर जैनी, थाना रजपुरा पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट पंजीकृत करवाई थी। प्रारंभिक जांच में उन्होंने पुलिस को बताया था कि युवती छह माह से प्रेमी शिशुपाल के साथ रह रही थी।
उसने ही उसकी हत्या की है। उसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इस बीच विवेचना में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। एक समय ऐसा आया जब जांच की सुई युवती के भाई पर आकर ठहर गई। इसी बीच पुलिस को एक कॉल रिकार्डिंग भी मिली, जिसमें युवती किसी को अपने ऊपर हो रहे हमले की जानकारी दे रही है। कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने उसके भाई को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या से पहले प्रेमी का साथ छोड़ने को डाला था दबाव
एसपी चक्रेश मिश्रा के अनुसार आरोपी भाई ने बताया कि सुधा की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। छह माह पहले वह मायके आई थी। इसके बाद 19 मई को वह घर से लापता हो गई। तलाश की गई तो पता चला कि वह प्रेमी शिशुपाल के साथ कुरुक्षेत्र, हरियाणा में रह रही थी। आरोपी ने बताया कि उसने बहन को फोन पर बात कर किसी तरह घर बुला लिया। उसे समझाया, लेकिन वह शिशुपाल के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी थी।
इस पर प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने आत्मग्लानि के चलते उसकी हत्या करने की योजना बना डाली। 22 नवंबर की शाम छह बजे आरोपी सुधा को उसके प्रेमी के पास छोड़ने की बात कहकर रजपुरा क्षेत्र में ले आया। यहां उसने उसके सिर पर तमंचे की बट मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं गले में रस्सी का फंदा भी लगा दिया। इसके बाद शव को झाड़ी में फेंक कर वहां से चला आया। 25 नवंबर को ग्रामीणों ने युवती का शव झाड़ियों में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर प्रेमी पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
पक्ष
युवती की हत्या के बाद शिशुपाल नाम के युवक के विरुद्ध रिपोर्ट पंजीकृत की गई थी। जांच में सामने आया कि जिस युवक को आरोपी बनाया गया है। वह वारदात के समय घटना स्थल पर नहीं था। इसके बाद पुलिस को एक कॉल रिकार्डिंग मिली, जिसमें युवती किसी को अपने ऊपर हमला होने की बात बता रही है। पुलिस ने उस रिकॉर्डिंग के आधार पर ही उस के भाई को गिरफ्तार किया। पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसका चालान कर दिया गया है। –चक्रेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक
