बरेली: वांछित की जगह दूसरे के घर चिपकाया संपत्ति कुर्क का नोटिस
बरेली, अमृत विचार। बरेली पुलिस का एक और कारनामा सामने आया है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित युवक की जगह दूसरे व्यक्ति के घर के बाहर संपत्ति कुर्क करने का नोटिस चस्पा कर दिया है। परेशान युवक गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा और अधिकारियों से शिकायत की। उसने बताया कि सीबीगंज पुलिस उसे बिना …
बरेली, अमृत विचार। बरेली पुलिस का एक और कारनामा सामने आया है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित युवक की जगह दूसरे व्यक्ति के घर के बाहर संपत्ति कुर्क करने का नोटिस चस्पा कर दिया है। परेशान युवक गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा और अधिकारियों से शिकायत की। उसने बताया कि सीबीगंज पुलिस उसे बिना वजह परेशान कर रही है। कुछ दिनों पहले सीबीगंज पुलिस पर एक युवक को बिना वजह थाने में कई दिनों तक बैठाने का आरोप भी लगा था। इसके अलावा सामूहिक दुष्कर्म के मामले को दबाने का भी आरोप लग चुका है।
गुरुवार को सीबीगंज थाना क्षेत्र के माधौपुर खालसा निवासी मलखान ने बताया कि साल 2020 में गांव के ही रहने वाले महेश पुत्र हरपाल के खिलाफ एक रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसमें गैंगस्टर एक्ट भी लगा था और तभी से महेश वांछित चल रहा है। वहीं आरोप है कि महेश के पिता का नाम हरपाल होने की वजह से किला पुलिस लगातार उनके घर पहुंचकर उन्हें व उनके बच्चों को जेल भेजने के नाम पर डरा रही है। इसके अलावा किला पुलिस ने उनके घर के बाहर ही संपत्ति कुर्क करने का नोटिस भी चस्पा कर दिया है।
वहीं हरपाल का कहना है कि उनका महेश नाम के आरोपी व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। यहां तक कि इस नाम का उनका कोई बेटा भी नहीं है। यह बात कई बार साबित करने के बाद भी सीबीगंज पुलिस नोटिस चिपकाते हुए जबरन उन्हें आरोपी बनाने या महेश के न मिलने पर संपत्ति कुर्क करने व उन्हें जेल भेजने की धमकियां दे रही है। वहीं सीबीगंज इंस्पेक्टर गोविंद सिंह ने बताया कि वांछित चल रहे सभी आरोपियों के सत्यापन की प्रक्रिया अभी चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कि नोटिस चस्पा किए जाएंगे।
