मिर्जापुर: मुख्य सचिव ने आशा संगिनी का मानदेय बढ़ाने का दिया आश्वासन
मिर्जापुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी के नेतृत्व में आशा एवं आशा संगिनी का मानदेय बढ़ाने, उनको मिलने वाली धनराशि प्रोत्साहन के रूप में न देकर मानदेय के रूप में देने, न्यूनतम वेतन 15 हजार किए जाने, आशाओं के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाने, आशाओं को मिलने वाला भुगतान सीधे उनके बैंक …
मिर्जापुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी के नेतृत्व में आशा एवं आशा संगिनी का मानदेय बढ़ाने, उनको मिलने वाली धनराशि प्रोत्साहन के रूप में न देकर मानदेय के रूप में देने, न्यूनतम वेतन 15 हजार किए जाने, आशाओं के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाने, आशाओं को मिलने वाला भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किए जाने, आशाओं को नियमित किए जाने, विभागीय खर्च पर प्रशिक्षण देकर उनकी पदोन्नति ए एन एम के पद पर कराए जाने, सामूहिक बीमा कराने और क्षेत्र में भ्रमण के लिए स्कूटी उपलब्ध कराए जाने की मांग संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के साथ वार्ता में उठाया था।
आशाओं एवं आशा संगिनी की मांगों पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवम् परिवार कल्याण, वित्त, बाल पुष्टाहार, कार्मिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में चर्चा हुई है और सहमति भी बनी है। आशा हेल्थ वर्कर एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष कुसुम लता यादव ने आज लखनऊ में एक प्रेस विज्ञप्ति में आशा एवं आशा संगिनी का मानदेय बढ़ाए जाने के आश्वासन का स्वागत किया है। उन्होंने अवगत कराया है कि आशा बहू,संगिनी का मानदेय बढ़ाने की लड़ाई राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के माध्यम से आशाएं विगत 1 साल से लड़ रही हैं।
पढ़ें- अखिलेश यादव ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को किया नमन
आगामी 24 दिसंबर को विधानसभा का घेराव का कार्यक्रम है, जिसमें कम से कम 50,000 आशा बहने एवं आशा संगिनी अपनी मांगों के समर्थन में हिस्सा लेगी। कुसुम लता यादव ने कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से जुड़ने के बाद आशा बहुओं, आशा संगिनी को अपनी मांगों के प्रति आश जगी है। उन्होंने सभी आशा बहनों से अपील किया है कि अपने हितों की रक्षा के लिए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी के साथ जुड़कर संघर्ष करें। संयुक्त परिषद के अध्यक्ष आशाओं के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं तथा उनकी मांगों से मुख्य मंत्री एवम् मुख्य सचिव को अवगत भी करा रहे हैं।
निकट भविष्य में बहुत शीघ्र ही आशा एवं आशा संगिनी का मानदेय बढ़ने की संभावना है ।सभी आशा एवं संगिनी 24 दिसंबर के विधानसभा घेराव की पूरी तैयारी में लगी हुई है। यदि 24 दिसंबर के पहले आशाओं का मानदेय नहीं बढ़ा तो 24 दिसंबर को हजारों की संख्या में आशा और संगिनी पूरे प्रदेश से विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएगी।
आशा, आशा संगिनी का मानदेय बढ़ाने की पहल करने के लिए आशा हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष कुसुम लता यादव, सरला सिंह ,राकेश्वरी पांडे ,सुनीता मौर्या, पुनीता सिंह ने मुख्य सचिव और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी का आभार व्यक्त किया है।
