लखीमपुर-खीरी: छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने की तैयारी, Anti Romeo Squad चलाएगी अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर में सुस्त पड़ी एंटी रोमियो टीम अब प्रतिदिन शहर में शोहदों के खिलाफ अभियान चलाएगी। सीओ सिटी ने महिला थाना प्रभारी निरीक्षक और टीम को बुलाकर बैठक ली और आने वाली दिक्कतों के बावत भी जानकारी लेकर समस्याओं का निदान कराया। शनिवार से टीम सीओ सिटी की अगुवाई में दो पुरुष …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर में सुस्त पड़ी एंटी रोमियो टीम अब प्रतिदिन शहर में शोहदों के खिलाफ अभियान चलाएगी। सीओ सिटी ने महिला थाना प्रभारी निरीक्षक और टीम को बुलाकर बैठक ली और आने वाली दिक्कतों के बावत भी जानकारी लेकर समस्याओं का निदान कराया।

शनिवार से टीम सीओ सिटी की अगुवाई में दो पुरुष सिपाहियों के साथ शहर में अभियान चलाकर शोहदों पर शिकंजा कसेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्राओं और राह चलती महिलाओं से होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी रोमियों टीम का गठन किया था। यह टीमें शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के थानों पर गठित की गईं थीं। शुरुआती दौर में इसके अच्छे परिणाम आए थे। टीमों की लगातार कार्रवाई से शोहदे स्कूल और कॉलेजों के पास खड़े होने से हिचकते थे, लेकिन समय के साथ एंटी रोमियों टीम की रफ्तार भी कम हो गई।

शहर में एंटी रोमियो टीम कभी-कभार महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में स्कूल और कॉलेजों के पास दिख भी जाती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में हाल सबसे अधिक खराब है। वहां महीनों टीम स्कूल-कॉलेजों के पास झांकने तक नहीं जाती है। एंटी रोमियों टीम के सुस्ती के पीछे अफसरों की लापरवाही मुख्य वजह रही है। वैसे तो कागजों पर प्रतिदिन एंटी रोमियों टीम कार्रवाई करती है, लेकिन धरातस पर ऐसा कुछ नहीं दिखता है। यही वजह है कि छात्राओं के साथ स्कूल आते-जाते समय शोहदे छेड़खानी करने से बाज नहीं आते हैं।

शहर के कन्या स्कूल और कॉलेजों के पास भी शोहदों को स्कूल के खुलने और छुट्टी होने के समय खड़े देखा जा सकता है। सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा ने शुक्रवार को महिला थाना प्रभारी शकुंतला उपाध्याय और एंटी रोमियो टीम की महिला सिपाहियों के साथ अपने दफ्तर पर बैठक की। उन्होंने टीम के सदस्यों से आने वाली दिक्कतों के बारे में पूछा। कुछ महिला आरक्षियों ने कहा कि टीम में कोई पुरुष सिपाही शामिल नहीं है। इससे वह संदिग्ध युवकों की तलाशी आदि नहीं ले पाती है।

इसके अलावा भी कई समस्याएं बताई। सीओ सिटी ने टीम में दो पुरुष सिपाहियों को शामिल करने के निर्देश प्रभारी निरीक्षक सदर अरुण कुमार सिंह को दिए। यह टीम खासतौर पर शनिवार यानी आज से सीओ सिटी की अगुवाई में स्कूल खुलने और बंद होने के समय स्कूल और कॉलेजों के आसपास चेकिंग अभियान चलाएगी। पकड़े गए युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी।

एंटी रोमियो दल को बुलाकर बैठक की गई है। कुछ दिक्कतें आ रहीं थीं, जिनका समाधान करा दिया गया है। शनिवार से नियमित अभियान चलाकर चेकिंग की जाएगी, जो लोग पकड़े जाएंगे। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। -अरविंद कुमार वर्मा, सीओ सिटी

संबंधित समाचार