बरेली: शादी न करने पर तेजाब डालने की दी धमकी
बरेली, अमृत विचार। एक शोहदे के लगातार परेशान करने से युवती घर छोड़कर बहन के घर रहने लगी। शोहदे ने बहन के घर में घुसकर युवती के साथ अश्लीलता शुरू कर दी। साथ ही धमकाते हुए जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। पुलिस को आता देख …
बरेली, अमृत विचार। एक शोहदे के लगातार परेशान करने से युवती घर छोड़कर बहन के घर रहने लगी। शोहदे ने बहन के घर में घुसकर युवती के साथ अश्लीलता शुरू कर दी। साथ ही धमकाते हुए जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में एसएसपी के संज्ञान लेने के बाद प्रेमनगर पुलिस ने शोहदे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बताया कि शेरगढ़ के केसरपुर निवासी चमन उर्फ भूरा उसे काफी समय से परेशान कर रहा है। इसकी शिकायत उसने भोजीपुरा थाने में भी की थी लेकिन भोजीपुरा पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। शोहदे की लगातार बढ़ती हरकतों के चलते युवती अपना घर छोड़कर बहन के घर रहने लगी।
युवती के मुताबिक 30 नवंबर को आरोपी अचानक घर में घुसा और उसके साथ अश्लीलता करने लगा। युवती ने जब इसका विरोध किया तो शोहदे ने शादी न करने पर तेजाब से चेहरा जलाने या गोली मारने की धमकी देने लगा। युवती की चीख-पुकार सुनकर उसके बहन व बहनोई मौके पर पहुंचे और यूपी 112 पर सूचना दी।
पुलिस के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी चमन उर्फ भूरा के खिलाफ छेड़छाड़ समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
