हरदोई: अलग-अलग सड़क हादसों में बच्ची समेत आठ की मौत
हरदोई। बीते कुछ घंटों के दौरान अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। मौसी के घर से लौट रही बच्ची को गन्ने से लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। वहीं डीजल लेने जा रहे किशोर को रोडवेज बस ने अपनी चपेट में ले लिया। इधर मजदूरी कर वापस घर लौट रहे साइकिल सवार …
हरदोई। बीते कुछ घंटों के दौरान अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। मौसी के घर से लौट रही बच्ची को गन्ने से लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। वहीं डीजल लेने जा रहे किशोर को रोडवेज बस ने अपनी चपेट में ले लिया। इधर मजदूरी कर वापस घर लौट रहे साइकिल सवार रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। इसी तरह कातिल हुई रफ़्तार ने किसी के घर का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया, तो किसी मां से उसके कलेजे का टुकड़ा बहुत दूर चला गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम कराया है। वहीं हादसों की जांच शुरू कर दी गई है।
सीतापुर जिले के उदयपुर थाना खैराबाद निवासी अमरजीत वैश्य के बहनोई पप्पू कोतवाली देहात के आशा गांव में रहते हैं। अमरजीत अपनी पत्नी रामसुखी और बच्चों 5 वर्षीय अनन्या, 3 वर्षीय मान्या और एक दुधमुंहे बच्चे के साथ आशा गांव आया हुआ था। शनिवार की सुबह अमरजीत सीतापुर रोड परिवहन निगम के वर्कशाप के सामने सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी बीच गन्ने से लदे ट्रैक्टर ने मान्या को टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। इसी बीच ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़ कर भाग निकला।
बेहटा गोकुल थाने के लकवां गांव निवासी छोटे का 16 वर्षीय पुत्र गोविन्द शनिवार की सुबह बाइक ले कर लोनार डीज़ल लेने जा रहा था।इसी बीच रास्ते में गढ़ी नकटौरा के पास रोडवेज बस ने टक्कर मारते हुए गोविन्द को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। गोविन्द काफी होशियार था। बताते हैं कि हर काम में वह बराबर का हाथ बंटाता था छोटे के चार बेटे आलोक, शिवम, पवन और गोविन्द था। छह बेटियां ममता, सरिता, रोली, मोनी, बीना और बेबी हैं।
कछौना थाने के लायक खेड़ा मजरा मतुआ निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद पुत्र रामदयाल वन विभाग में मज़दूरी करता था। शुक्रवार की शाम वह मज़दूरी कर साइकिल से वापस घर लौट रहा था।इसी बीच रास्ते में टुटियारा मोड़ के पास अचानक किसी अज्ञात गाड़ी ने उसे ज़ोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह ज़ख्मी हो गया। वहां आस-पास के लोगों ने किसी तरह मोबाइल से राजेंद्र प्रसाद के घर वालों को हादसे के बारे में बताया। उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा था।तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सीतापुर ज़िले के गूजरपुर थाना महोली निवासी 30 वर्षीय राजकुमार पुत्र महेश प्रसाद शुक्रवार को अपने पड़ोसी विद्याधर की बेटी को विदा कराने उसके बेटे 16 वर्षीय सुमित के साथ बाइक से पिहानी थाने के खदरा जा रहा था। रास्ते में मंसूरनगर तिराहे के पास हादसा हो गया। जिसमें राजकुमार की मौत हो गई। जबकि सुमित ज़ख्मी हो गया।
सांडी थाने के नसीरपुर मजरा कोईलाई निवासी 40 वर्षीय हेमनाथ पुत्र लोकई शुक्रवार को शहर से वापस घर लौट रहा था। बताते हैं कि हेमनाथ बघराई के पास टैम्पो से उतर कर सड़क पार कर रहा था।तभी तेज़ रफ़्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे हेमनाथ की मौत हो गई। इसका पता होते ही वहां आस-पास के गांव वाले दौड़ पड़े। पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर उसका पोस्टमार्टम कराया है।
टड़ियावां थाने के लालपुर भैसरीं निवासी दिनेश और उसका बेटा रिंकू शुक्रवार को बाइक से बैंक जा रहा था।तभी रास्ते में जपरा तिराहे के पास दिनेश की बाइक सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दिनेश और उसके बेटे रिंकू की मौत हो गई थी। साथ ही दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग जख्मी हो गए। हादसे की जानकारी होते ही वहां मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
सांडी थाने के सुगवां निवासी रामप्रताप पाल का 18 वर्षीय पुत्र हर्षित पाल इंटर का छात्र था। हर्षित रोज़ की तरह साइकिल से ट्यूशन पढ़ने सेमरा चौराहा जा रहा था। इसी बीच रास्ते में हाथा झाबर के पास बाइक की टक्कर से हर्षित ज़ख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे लखनऊ रिफर कर दिया गया। शुक्रवार को ट्रामा सेंटर के डाक्टरों से जवाब मिलने पर घर वाले हर्षित को लेकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें:-सपा, बसपा और कांग्रेस ने प्रदेश को दंगों की आग में झोंका: सीताराम कश्यप
