बरेली: जगतपुर पार्क की जमीन पर बना ली दो मंजिला ज्वैलरी शॉप
बरेली, अमृत विचार। जगतपुर में नगर निगम के पार्क में एक दुकानदार ने गुपचुप तरीकेसे दो ज्वैलरी की शॉप बना ली। नगर निगम के अधिकारियों को जब इसकी सूचना मिली तो प्रवर्तन दल के साथ अतिक्रमण हटाओ दस्ता ने मौके पर पहुचंकर अवैध तौर से बनाई गई दुकान पर लाल निशान लगाना शुरू कर दिया। …
बरेली, अमृत विचार। जगतपुर में नगर निगम के पार्क में एक दुकानदार ने गुपचुप तरीकेसे दो ज्वैलरी की शॉप बना ली। नगर निगम के अधिकारियों को जब इसकी सूचना मिली तो प्रवर्तन दल के साथ अतिक्रमण हटाओ दस्ता ने मौके पर पहुचंकर अवैध तौर से बनाई गई दुकान पर लाल निशान लगाना शुरू कर दिया। इस पर कुछ लोग लामबंद हो गए।
उन्होंने हंगामा करते हुए माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की। इस पर नगर निगम का प्रवर्तन दल सक्रिय हो गया। इसके बाद विरोध कर रहे लोग भी इधर-उधर हो गए। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जगतपुर में आटा चक्की के पास नगर निगम के बने पार्क में काफी समय से अवैध कब्जा है। यहां एक व्यक्ति ने पूर्व में नगर निगम के अधिकारियों से साठगांठ करके पार्क की जमीन पर दो मंजिला दुकानों का निर्माण करा लिया। इसका संचालन काफी समय से हो रहा है। नगर निगम के अधिकारियों के पास जब यह मामला पहुंचा तो उन्होंने नगर निगम की टीम से इस मामले की जांच कराई थी।
पैमाइश में सामने आया कि दुकानदार ने पार्क की जमीन पर आगे करीब 11 फिट और पीछे लगभग 7.6 फिट जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। कुछ समय पहले नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्यों ने पार्क की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए जाने की शिकायत अधिकारियों से की थी। इस पर टीम ने वहां जाकर कब्जा हटाने का प्रयास किया। उस वक्त दुकानदार कोर्ट से स्टे आर्डर ले आए थे। अधिकारियों के मुताबिक दुकानदार कोर्ट से मुकदमा हार चुके हैं।
शनिवार को अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल सिंह पटेल के नेतृत्व में टीम मौके पर अतिक्रमण को चिह्नित करने के लिए गई। वहां पहुंचकर टीम ने नापजोख शुरू की तो दुकानदार समेत अन्य लोगों ने विरोध कर दिया। सभी मिलकर हंगामा करने लगे। प्रवर्तन दल ने किसी तरह उन्हें हटाया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने अवैध अतिक्रमण पर लाल निशान लगा दिए।
नगर निगम की टीम ने पार्क की जमीन की नापजोख की तो दुकान का अवैध निर्माण मिला है। दुकान के आगे करीब 11 फीट और पीछे करीब 7.6 फीट अतिक्रमण पाया गया। अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगा दिए गए हैं। -अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त
