राहुल द्रविड़ बोले- चयन को लेकर कड़े फैसलों पर खिलाड़ियों के साथ स्पष्ट संवाद होगा महत्वपूर्ण
मुंबई। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सोमवार को यहां संकेत दिये कि टीम प्रबंधन आगे कुछ कड़े फैसले ले सकता है और उन्होंने खिलाड़ियों के साथ स्पष्ट संवाद पर जोर दिया। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी टेस्ट श्रृंखला के लिये विश्राम दिया गया जबकि कप्तान विराट कोहली पहले मैच …
मुंबई। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सोमवार को यहां संकेत दिये कि टीम प्रबंधन आगे कुछ कड़े फैसले ले सकता है और उन्होंने खिलाड़ियों के साथ स्पष्ट संवाद पर जोर दिया।
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी टेस्ट श्रृंखला के लिये विश्राम दिया गया जबकि कप्तान विराट कोहली पहले मैच में नहीं खेले थे। रवि शास्त्री से कमान संभालने के बाद द्रविड़ की कोच के रूप में यह पहली टेस्ट श्रृंखला थी जिसमें मयंक अग्रवाल और श्रेयस अय्यर ने एक-एक शतक लगाया।
अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा पर दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले टीम में अपनी जगह बचाये रखने का दबाव है और ऐसे में द्रविड़ की टिप्पणी महत्वपूर्ण है।
द्रविड़ ने दूसरे टेस्ट क्रिकेट में 372 रन की रिकार्ड जीत के बाद कहा, ‘‘युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और चयन को लेकर यह अच्छा सिरदर्द है। प्रत्येक अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है और हर कोई एक दूसरे के लिये कड़ी चुनौती पेश कर रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हमारा यह सिरदर्द और बढ़ेगा और हमें कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं लेकिन जब तक हमारा स्पष्ट संवाद रहता है और हम खिलाड़ियों को समझाते हैं कि ऐसा क्यों हुआ तब तक कोई समस्या नहीं है।’’
बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने गेंद और बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में पांच विकेट लिये और दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। जयंत यादव ने दूसरे टेस्ट मैच में पांच विकेट लिये जिसमें दूसरी पारी के चार विकेट शामिल हैं।
इसे भी पढे़ं…
हैमिल्टन की जीत से एफवन में खिताबी जंग बनी रोचक, टक्कर की होगी आखिरी रेस
