बाराबंकी: तालाब के किनारे मिला लापता युवक का शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला अन्तर्गत तीन दिन पूर्व घर से पम्पिंग सेट का इंजन बनवाने के लिये निकले युवक का शव संदिग्ध अवस्था में एक तालाब के किनारे पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं दूसरी तरफ मृतक के पिता ने तीन लोगों …
बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला अन्तर्गत तीन दिन पूर्व घर से पम्पिंग सेट का इंजन बनवाने के लिये निकले युवक का शव संदिग्ध अवस्था में एक तालाब के किनारे पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं दूसरी तरफ मृतक के पिता ने तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की आशंका जताते हुए लिखित तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीती तीन दिसम्बर की सुबह थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी परशुराम यादव (25) पुत्र देशराज यादव घर से यह बताकर निकला था कि वह पम्पिंग सेट का इंजन बनवाने के लिये बेल चौराहा सूरतगंज वसीम मिस्त्री की दुकान जा रहा है। देर शाम तक जब परशुराम घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन कहीं पर भी परशुराम का पता नहीं चला।
परशुराम के पिता ने इस सम्बन्ध में वसीम मिस्त्री की दुकान पर जाकर अपने बेटे के बारे में पूछा लेकिन वसीम मिस्त्री ने यह कह दिया कि उसका बेटा दुकान पर आया ही नहीं था। दूसरे दिन 4 दिसम्बर को देशराज यादव ने अपने बेटे की गुमशुदगी की तहरीर थाना प्रभारी मोहम्मदपुर खाला को दी। थाना प्रभारी ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करके परशुराम की तलाश शुरू कर दी थी।
सोमवार सुबह बेलपुर चौराहे के निकट एक तालाब किनारे ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने शव को बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त का प्रयास किया तो बाद में यह पता चला कि मृतक ग्राम दौलतपुर का निवासी है जिसका नाम परशुराम है।
थाना प्रभारी ने परशुराम के परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना के सम्बन्ध में थाना प्रभारी का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा। वैसे यह भी सुनने में आ रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था। वहीं दूसरी तरफ मृतक के पिता देशराज ने अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। देशराज का आरोप था कि उसके बेटे की हत्या कर आत्महत्या का रुप देने के खातिर शव को तालाब में फेंक दिया।
यह भी पढ़ें:-बरेली: सचिन मौर्या हत्याकांड में फरार चल रहा 15 हजार का इनामी गिरफ्तार, बीते एक साल से चल रहा था गायब
