अखिलेश निकालते रह जाएंगे रैलियां, सीट निकालेगी भाजपा: रवि शर्मा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

झांसी। भाजपा के उत्तर प्रदेश की झांसी सदर विधानसभा सीट से विधायक व पार्टी के वरिष्ठ नेता रवि शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुंदेलखंड की रैलियों में भीड़ देखकर आगामी चुनाव में सत्ता हासिल करने का ख्वाब न देखें क्योंकि “अखिलेश रैली निकालते रह जायेंगे और सीट निकालेगी …

झांसी। भाजपा के उत्तर प्रदेश की झांसी सदर विधानसभा सीट से विधायक व पार्टी के वरिष्ठ नेता रवि शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुंदेलखंड की रैलियों में भीड़ देखकर आगामी चुनाव में सत्ता हासिल करने का ख्वाब न देखें क्योंकि “अखिलेश रैली निकालते रह जायेंगे और सीट निकालेगी भाजपा। शर्मा ने विजय रथयात्रा में शामिल होने झांसी आये सपा सुप्रीमो अखिलेश के प्रदेश में सत्ता हासिल करने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश या बुंदेलखड में भाजपा को न तो कोई खतरा है और न ही किसी दल की कोई चुनौती।

जातिवाद और अपराध की राजनीति करने वाले सपा और बसपा जैसे दलों की सच्चाई जनता जान चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का जो काम किया है वह लोग देख चुके हैं। शर्मा ने दावा किया कि हमेशा से गरीबी, बदहाली और पलायन के लिए बदनाम रहे बुंदेलखंड में आज विकास की निर्मल धारा बहना शुरू हो गयी है। उन्होंने कहा कि यहां लोगों की पानी की समस्या के निस्तारण के लिए योजनाएं तो धरातल पर उतारी गयीं हैं। साथ ही रोजगार के लिए डिफेंस कॉरिडोर और बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जा रहा है।

भाजपा विधायक ने कहा कि मोदी और योगी सरकार सिर्फ दावों या वादों की सरकार नहीं है। बल्कि इस सरकार के मुखिया जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा, “प्रदेश में और विशेष रूप से बुंदेलखंड के विकास के लिए हमारी सरकार ने जो प्रयास किये हैं वह जनता के सामने हैं और जनता यह बात समझती है। ऐसे में सपा-बसपा चाहें कितना ही जोर लगा लें, प्रदेश में कोई प्रभाव नहीं छोड़ पायेंगी। प्रदेश में फिर से भाजपा की विकासवादी सरकार ही सत्ता में आयेगी।

पढ़ें: अयोध्या: कब्रिस्तान में रातों रात लगा दी आम्बेडकर की प्रतिमा, मचा हड़कंप

दूसरी ओर जिले के वरिष्ठ सपा नेता राहुल श्रीवास्तव ने प्रदेश और बुंदेलखंड में भाजपा का सूपड़ा साफ होने का दावा करते हुए कहा कि बुंदेलखंड सहित पूरे प्रदेश में जिस तरह से सपा की विजय यात्रा और रैलियों में जनता सड़कों पर उमड़ी उससे साफ है कि लोग सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार से आजिज आये लोग अखिलेश जी के साथ सड़क पर आये और उनकी नीतियों में अपना विश्वास जाहिर किया। यहीं आम लोग आगामी चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेंगे। सपा में दूसरे दलों से आ रहे नेताओं को टिकट मिलने की आशंका से उपज रहे असंतोष के सवाल पर श्रीवास्तव ने कहा कि जब तक किसी सीट पर पार्टी के उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं होती। तब तक कोई भी दावेदारी पेश कर सकता है। लेकिन, पार्टी अध्यक्ष की ओर से किसी भी नाम पर मोहर लगते ही सपा का हर कार्यकर्ता सब कुछ भुलाकर उक्त उम्मीदवार की जीत के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि सपा एक अनुशासन पसंद पार्टी है और हर कार्यकर्ता इस अनुशासन का पालन करेगा।

संबंधित समाचार