मुरादाबाद : अनैतिक देह व्यापार में दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार मामले में महानगर के अलग-अलग थानाक्षेत्रों से दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस 10 आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। मामले में मानव तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बारे में भी जानकारी जुटा …

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार मामले में महानगर के अलग-अलग थानाक्षेत्रों से दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस 10 आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। मामले में मानव तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बारे में भी जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल बरामद हुए हैं। इन्हीं मोबाइलों के जरिए सैक्स रैकेट चलाया जा रहा था।

सिविल लाइंस पुलिस ने अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर सेक्स रैकेट का खुलासा किया था। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। 27 नवंबर को गिरफ्तार किए गए गिरोह के सरगना कोलकाता के राणा घाट जिले के राणाघाट थाना क्षेत्र के मोहल्ला छोटाब्रिज निवासी राणा शेख उर्फ तारिक दास को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर की थी।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी राणा शेख से पूछताछ में कई जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने रविवार को आगरा कोतवाली क्षेत्र के छमछम गली गुदड़ी मंसूर खां निवासी हामिद उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया था। भूरा आगरा के हरिपर्वत थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। उससे एक मोबाइल बरामद किया गया था। भूरा इसी फोन के जरिए सेक्स रैकेट चला रहा था।

सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ क्राइम आलोक अग्रहरि ने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़ा राजाराम सैनी, पुत्र चेतराम सैनी सदर कोतवाली क्षेत्र के बुध बाजार पुलिस चौकी के पास का निवासी है। वर्तमान में वह मझोला के काशीराम नगर में रहता है। वह दिखाने के लिए टैंपो चलाता है, मगर उसका असली धंध देह व्यापार है। कोतवाली क्षेत्र के बड़ी लाडन सराय निवासी नन्ही उर्फ सावित्री उर्फ सुनीता पत्नी सुरेश सैनी को भी गिरफ्तार किया है।

नन्ही फिलहाल मझोला के बुद्धि विहार में रहती है। तीसरी आरोपी निशा गुप्ता उर्फ रिया पत्नी सुगंध गुप्ता कटघर कोतवाली क्षेत्र के सूरज नगर गुलाबबाड़ी चुंगी की निवासी है। राजाराम, नन्ही व निशा गुप्ता ने पूछताछ में देह व्यापार के धंधे में शामिल अंतर्राज्यीय रैकेट के बारे में बताया। तीनों ने स्वीकार किया कि वह लोकल दलालों के जरिए मोबाइल पर ग्रुप बनाकर लड़कियों की सप्लाई हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली व आगरा, मुरादाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, बरेली, मेरठ, अमरोहा, हल्द्वानी आदि में करते हैं।

आरोपी व्हाट्सएप पर लड़कियों के फोटो भेजकर रेट तय करते हैं। रेट तय होने पर लड़की को रोडवेज बस से भेज देते हैं। शहर का लोकेल एजेंट रोडवेज स्टैंड से लड़की को रिसीव करता है। लोकल एजेंट इन लड़कियों को अपनी सुविधा के अनुसार ग्राहकों के पास भेजता है। आरोपियों ने बताया कि वह लड़कियों को तीन-चार दिन के लिये भेजते हैं, जिसका 15-20 हजार रुपये लेते हैं। पैसा नकद व खाता दोनों तरीकों से लिया जाता है। आरोपियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश की लड़कियों को एजेंटों द्वारा खरीदकर लोकर दलालों के जरिए अनैतिक देह व्यापार में धकेला जाता है।

उम्र बढ़ने पर दलाल बन गईं दोनों महिलाएं
देह व्यापार के आरोप में पकड़ी गईं नन्ही व निशा गुप्ता पहले खुद देह व्यापार करती थीं। मगर, उम्र बढ़ने के साथ उनके प्रति लोगों का आकर्षण कम होने लगा तो दोनों दलाल बन गईं। पकड़े गए तीनों आरोपी राणा शेख उर्फ तारिक दास व आगरा के भूरा के सपंर्क में थे। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है।

अनैतिक देह व्यापार के इस मामले में अब तक यह गए हैं जेल
विजय छाबड़ा, मोना, मो. आबिद, मुकेश उर्फ विशाल, संजय जैन, पूनम उर्फ गीता देवी, कमलेश, रानी, राणा शेख उर्फ तारिक दास, भूरा उर्फ हामिद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सोमवार को इसी मामले में राजाराम, नन्ही उर्फ सावित्री उर्फ सुनीता और निशा गुप्ता उर्फ रिया को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया। मामले में कुल 13 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। इनमें छह महिलाएं भी हैं।

संबंधित समाचार