संभल : चामुंडा मंदिर की मूर्तियां तोड़े जाने से तनाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहजोई, अमृत विचार। पीएनबी बैंक के समीप स्थित चामुंडा मंदिर में स्थापित मूर्तियों को रविवार रात शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। सोमवार की सुबह लोगों को जानकारी मिली, तो जल्द ही यह बात आग की तरह नगर भर में फैल गई। इससे लोग आक्रोशित हो उठे। मंदिर पर भीड़ जुटने लगी। तनाव की स्थिति उत्पन्न …

बहजोई, अमृत विचार। पीएनबी बैंक के समीप स्थित चामुंडा मंदिर में स्थापित मूर्तियों को रविवार रात शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। सोमवार की सुबह लोगों को जानकारी मिली, तो जल्द ही यह बात आग की तरह नगर भर में फैल गई। इससे लोग आक्रोशित हो उठे। मंदिर पर भीड़ जुटने लगी। तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ राकेश कुमार और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर स्थिति को संभाला। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अंगुलियों के निशान भी इकट्ठा किए हैं। मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत की गई है।

इस समय मंदिर का जीर्णोद्धार चल रहा है। रविवार की रात अज्ञात अराजक तत्वों ने किसी समय मंदिर में पहुंच कर देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह में पूजा-अर्चना के लिए लोग मंदिर में पहुंचे तो मूर्तियों को खंडित देख दंग रह गए। कुछ ही देर में नगर भर में यह बात फैल गई। इसके बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी। इसी बीच थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी मिल गई। इससे पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन फानन में प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए।

यहां लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बढ़ते तनाव को देख आसपास के थानों को भी सतर्क कर दिया गया। थोड़ी ही देर में रजपुरा, धनारी, जुनावई आदि थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। एसडीएम रामकेश धामा व सीओ राकेश कुमार भी वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में विधायक अजीत कुमार भी आ पहुंचे। सीओ ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर किसी प्रकार शांत किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया, जिसने मंदिर से नमूने इकट्ठे किए हैं। सीओ ने कहा है कि यह हरकत करने वाले को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। उनके आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

शांति व्यवस्था के लिए पीएसी तैनात
मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने से उत्पन्न तनाव की स्थिति पर पुलिस ने तत्काल पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। उसे बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से नगर में आसपास के थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है। वहीं शाम के समय मंदिर परिसर में मौके का मुआयना करने पहुंचे एएसपी आलोक जायसवाल ने कहा कि नगर में सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चामुंडा मंदिर में किसी शरारती तत्व द्वारा रात में मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की गई। प्रथम दृष्ट्या चोरी के उद्देश्य से किसी व्यक्ति द्वारा किया गया कार्य मालूम होता है। मंदिर के आसपास पूरी हिंदू आबादी है। इसमें सांप्रदायिक तनाव जैसी कोई बात नहीं है। मौके पर दो थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल को तैनात किया गया है। आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। -चक्रेश मिश्रा, एसपी संभल

संबंधित समाचार