मुरादाबाद : बैंक परिसर में मां-बेटे से लूटपाट करने वालों पर होगी रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। विधवा पेंशन निकालने गई महिला व उसके बेटे के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपये लूटने के आरोप में पिता-पुत्र समेत कई लोग फंस गए हैं। पीड़िता की सुनवाई जब पुलिस ने नहीं की तो उसने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोर्ट की शरण ली। पीड़िता की ओर से दिए गए प्रार्थना …
मुरादाबाद, अमृत विचार। विधवा पेंशन निकालने गई महिला व उसके बेटे के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपये लूटने के आरोप में पिता-पुत्र समेत कई लोग फंस गए हैं। पीड़िता की सुनवाई जब पुलिस ने नहीं की तो उसने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोर्ट की शरण ली। पीड़िता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पांच नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
घटना 22 सितंबर को सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में आवास विकास स्थित एसबीआई की शाखा में हुई थी। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार विकास नगर निवासी कलावती विधवा हैं। उनके अनुसार आवास विकास स्थित बैंक में उनका खाता है। घटना के दिन वह अपने बेटे विनेश कुमार के साथ बैंक से रुपये निकालने गई थी। अपने खाते से उन्होंने करीब 50 हजार रुपये निकाले।
इसके बाद वह रुपये थैले में रखकर जैसे ही बैंक से बाहर निकलने लगी तभी कंजरी सराय निवासी इंद्रेश अपने बेटों के साथ बैंक के अंदर आया। आरोप है कि उसने अपने बेटों के साथ मिलकर मारपीट करनी शुरू कर दी। कलावती के अनुसार जब उसका बेटा बचाव के लिए आया तो उसके साथ भी मारपीट की। बैंक के अंदर हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। गार्ड व अन्य लोगों ने जब बीच-बचाव कराने की कोशिश की।
आरोप है कि उन्होंने थैले में रखे 50 हजार रुपये लूट लिए और धमकाते हुए फरार हो गए। कलावती के अनुसार उसने पुलिस को भी सूचना दी लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। इसके बाद उसने सिविल लाइंस कोतवाली के अलावा अधिकारियों को भी तहरीर दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिस पर कलावती ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां पर प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर सोमवार को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सिविल लाइंस पुलिस को इंद्रेश, उसके बेटे मयंक, गौरव व प्रदीप और संजू के अलावा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
