बरेली: आरएम के आदेश को साइड कर बाईपास से ही रोडवेज बसें दौड़ा रहे चालक
बरेली, अमृत विचार। रोडवेज बस चालक आरएम के आदेश को किनारे कर मिलक कस्बे के बाहर बाईपास से बसें दौड़ा रहे हैं। मंगलवार को चेकिंग के दौरान रोडवेज के अधिकारियों ने मिलक बाईपास से बसें ले जाने वाले सात चालकों को पकड़ लिया। रामपुर के रोडवेज अधिकारियों ने संबधित क्षेत्र के अधिकारियों को चालकों और …
बरेली, अमृत विचार। रोडवेज बस चालक आरएम के आदेश को किनारे कर मिलक कस्बे के बाहर बाईपास से बसें दौड़ा रहे हैं। मंगलवार को चेकिंग के दौरान रोडवेज के अधिकारियों ने मिलक बाईपास से बसें ले जाने वाले सात चालकों को पकड़ लिया। रामपुर के रोडवेज अधिकारियों ने संबधित क्षेत्र के अधिकारियों को चालकों और डिपो की डिटेल भेजकर कार्रवाई करने को कहा है। जिसके बाद लापरवाही करने वाले चालकों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
रोडवेज के चालकों की वजह से मिलक कस्बे के यात्रियों को रोडेवेज की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मिलक कस्बे के अंदर से बसें नहीं जाने के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। जिसके चलते रोडवेज को भी राजस्व की हानि हो रही है। बाईपास से बसें ले जाने की शिकायत मिलने के बाद आरएम आरके त्रिपाठी ने पिछले दिनों एक आदेश जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली, हरिद्वार, मेरठ मार्ग के जाने वाली बसों को आने व जाने में मिलक कस्बे के अंदर से ही होकर जाए। लेकिन उसके बाद भी चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
मंगलवार को पीलीभीत, रुहेलखंड डिपो की बसों समेत सात बसें बाईपास से होकर गुजरती मिलीं। जिसके बाद रामपुर एआरएम ने सभी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक को कार्रवाई के लिए लिख दिया। इस संबध में बरेली रीजन के आरएम ने बताया कि आदेश के बाद भी अगर चालक उसका पालन नहीं कर रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
