शाहजहांपुर: प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को जांचने कल आएंगे मुख्यमंत्री
रोजा, अमृत विचार। कस्बे के रेलवे ग्राउंड पर 18 दिसंबर को संभावित प्रधानमंत्री की रैली और गंगा एक्सप्रेस वे के लोकार्पण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कमिश्नर आर. रमेश कुमार और आईजी रमित शर्मा पहुंचे। बता दें कि बुधवार को रैली स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य कुमार …
रोजा, अमृत विचार। कस्बे के रेलवे ग्राउंड पर 18 दिसंबर को संभावित प्रधानमंत्री की रैली और गंगा एक्सप्रेस वे के लोकार्पण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कमिश्नर आर. रमेश कुमार और आईजी रमित शर्मा पहुंचे। बता दें कि बुधवार को रैली स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य कुमार आएंगे और जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रैली स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले के सांसद, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के साथ भी तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन रात दिन रैली स्थल को दुरुस्त कराने में जुटा हुआ है। रैली स्थल पर हेलीपैड बनाए जा रहे हैं, जिन्हें भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। रैलीस्थल पर बल्लियों से बैरीकेडिंग का भी काम शुरू हो गया है। फायर ब्रिगेड के जवान पूरे मैदान में पानी का छिड़काव कर रहे हैं ताकि गाड़ियों के आने जाने से धूल न उड़े और मिट्टी दब जाये। मुख्यमंत्री दोपहर करीब दो बजे रैली स्थल पर बने हैलीपेड पर पहुंचकर रैली स्थल का निरीक्षण करने के बाद आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक ये समीक्षा बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चलेगी। कैबिनेट वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंडलायुक्त आर रमेश व आईजी रमित शर्मा ने ने रैली स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रत्येक बिन्दुओं पर जानकारी ली।
जनपद के लिए सौभाग्यशाली है ये योजना : खन्ना
रैली स्थल का निरीक्षण करने के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस वे सौभाग्यशाली योजना है। इस योजना से जहां एक ओर लोगों को रोजगार मिलेगा, वहीं मेरठ से प्रयागराज पहुंचने में समय की काफी बचत होगी। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेस वे 594 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इस हाईवे में जनपद के 52 किलोमीटर शामिल हैं, साथ खुशी की बात ये है कि जनपद की हाईवे के साथ हवाई पट्टी भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि वुधवार को मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक कर रैली स्थल का निरीक्षण करेंगे।
