मुरादाबाद : समय से खरीद नहीं, मिलों पर देर से पहुंच रहा धान
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में केंद्र प्रभारियों व एजेंसियों की मनमानी और शिथिलता शासन की धान खरीद नीति को पलीता लगा रही है। इस वर्ष धान खरीद व भुगतान का हाल शुरू से बेपटरी है, जिससे ढाई महीने होने को है पर न समय से खरीद हो रही, न मिलों पर समय से धान पहुंच …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में केंद्र प्रभारियों व एजेंसियों की मनमानी और शिथिलता शासन की धान खरीद नीति को पलीता लगा रही है। इस वर्ष धान खरीद व भुगतान का हाल शुरू से बेपटरी है, जिससे ढाई महीने होने को है पर न समय से खरीद हो रही, न मिलों पर समय से धान पहुंच रहा है। जिले में शासन की धान खरीद का ऐसा बुरा हाल तब है, जब जिले के अलावा संभाग के आला अधिकारी यहीं बैठते हैं।
दिसंबर के पहले सप्ताह तक जिले में लक्ष्य की तुलना में 45.68 फीसदी धान खरीदा गया है। केंद्रों पर खरीद व तौल में केंद्र प्रभारी मनमानी कर रहे हैं और अधिकारी उनकी करनी पर पर्दा डाल रहे हैं। केंद्र प्रभारी की मनमानी से किसानों को सल्फास खाने की नौबत आ रही है।
बिलारी के फतेहपुर नत्था निवासी सहदेव सिंह का धान दो दिनों तक जब केंद्र पर नहीं खरीदा गया और केंद्र प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने उसे अपमानित कर केंद्र से भगाया तो किसान ने सल्फास खाकर अपनी जान देने का प्रयास किया और अधिकारियों की जानकारी में सब कुछ आने के बाद भी केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई के लिए कदम नहीं बढ़ा। जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि केंद्र पर आए किसान का धान हर हाल में नियमानुसार खरीदा जाए। डीएम व अपर आयुक्त के निरीक्षण और यहां तक की संभागीय खाद्य नियंत्रक के निरीक्षण में भी अव्यवस्था की पोल खुल चुकी है।
