मुरादाबाद : विदेश से लौटे यात्रियों के घरों पर दस्तक देंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में विदेश से लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। नई सूची में 42 और नाम आने से विदेश से लौटने वालों की संख्या 301 हो गई। हालांकि अभी इसमें शामिल पहली सूची के 20 यात्री संपर्क से दूर हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें ऐसे यात्रियों के घरों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में विदेश से लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। नई सूची में 42 और नाम आने से विदेश से लौटने वालों की संख्या 301 हो गई। हालांकि अभी इसमें शामिल पहली सूची के 20 यात्री संपर्क से दूर हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें ऐसे यात्रियों के घरों पर दस्तक देंगी।
ओमिक्रॉन की देश विदेश में दस्तक के बाद जोखिम श्रेणी के देशों से लौटने वालों के साथ ही किसी अन्य देश से आने वालों पर भी स्वास्थ्य महकमें के जिम्मेदारों की नजर है। मगर गाइडलाइंस में शिथिलता के चलते स्वास्थ्य कर्मी भी केवल मोबाइल से संपर्क साध रहे हैं। विदेश से लौटे पहले के यात्रियों में से विभाग की टीमें 20 से संपर्क साध नहीं पाई हैं। उनके संदिग्ध होने की आशंका को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने उनके पते पर टीम भेजकर आने की पुष्टि और मरीज की वास्तविक स्थिति पता लगाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब टीमें जिनसे मोबाइल बंद हैं या संपर्क नहीं हो पाए हैं स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों से टीम उनकी पड़ताल कर रिपोर्ट देगी।
वहीं गुरुवार को आई नई सूची में विदेश से लौटने वालों की संख्या 42 और बढ़ गई। इनकी ट्रेसिंग के लिए लिस्टिंग कर ली गई है। शुक्रवार से टीमें सात दिन तक लगातार इनके मोबाइल नंबर पर फोन कर हालचाल लेंगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि नई सूची में विदेश से लौटने वाले 42 और यात्री शामिल हैं। इनसे भी संपर्क साधने के लिए टीमों को सूची दे दी है। देश में आने से सात दिन तक इनकी निगरानी रखनी है। यदि कोई बीमार या कोविड के लक्षण वाला होगा तो उसकी आरटीपीसीआर जांच कराएंगे। उन्होंने बताया कि कोविड जांच के लिए 16 रैपिड रिस्पांस टीमें लगी हैं।
