बरेली: थाने में सिपाही और दरोगा के बीच हाथापाई, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बच्चों के विवाद में शिक्षक और हेड कांस्टेबल के परिवार में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष अपनी शिकायतें करने के लिए थाने पहुंच गए जहां पर हेड कांस्टेबल और दरोगा आपस में भिड़ गए। उन्होंने थाने में एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। इसके बाद सिपाही खुद ही …

बरेली, अमृत विचार। बच्चों के विवाद में शिक्षक और हेड कांस्टेबल के परिवार में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष अपनी शिकायतें करने के लिए थाने पहुंच गए जहां पर हेड कांस्टेबल और दरोगा आपस में भिड़ गए। उन्होंने थाने में एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। इसके बाद सिपाही खुद ही हवालात में बंद हो गया और खुद को जेल भेजने की बात कहने लगा। हंगामा होने पर इंस्पेक्टर ने सिपाही को डांटा जिसके बाद वह शांत हुआ। जानकारी होने पर एसएसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।

इज्जतनगर में डिफेंस कॉलोनी निवासी एयर फोर्स स्कूल के शिक्षक के बच्चों की अपने पड़ोस में रहने वाले हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह के भाई के बच्चों से मामूली बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसकी जानकारी जब सिपाही को हुई तो उसने शिक्षक के साथ मारपीट की। शिक्षक का परिवार रात में इसकी शिकायत करने इज्जतनगर थाने पहुंचा। वहां तैनात दरोगा राजेश गौतम उनके मामले को देख रहे थे। दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद दरोगा उनसे बातचीत कर रहे थे। लक्ष्मण सिंह इज्जतनगर थाने में ही हेड कांस्टेबल हैं। इसलिए पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास कर रही थी।

इसी बीच हेड कांस्टेबल के भाई ने दरोगा राजेश के हाथ से अपना शिकायती पत्र खींच लिया जिस पर दरोगा को गुस्सा आ गया और वह उसे अभद्रता करने की बात कहते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कहने लगे जब यह बात थाने में तैनात हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह ने सुनी तो वह दरोगा के साथ गाली-गलौज करने लगे।

उन्होंने दरोगा से धक्का मुक्की कर हाथपाई की। इससे थाने में हंगामा मच गया। जानकारी होने पर इंस्पेक्टर संजय धीर मौके पर पहुंचे और हेड कांस्टेबल को फटकार लगाई। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी खुद ही हवालात में घुस गया और खुद पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कहने लगा। इसकी जानकारी जब एसएसपी को हुई तो उन्होंने देर रात आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।

इज्जतनर थाने में हेड कांस्टेबल ने दरोगा के साथ अभद्रता की थी। इसके साथ ही उसने खुद हवालात में बंद भी किया था। इंस्पेक्टर की रिपोर्ट पर हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार