कानपुर: शॉर्ट सर्किट से फर्नीचर गोदाम में लगी आग, आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
कानपुर। निराला नगर के एक फर्नीचर कारखाने में गुरुवार दोपहर आग लग गई। सूचना के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। तब तक कारखाने व गोदाम पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और लाखों का माल जलकर राख हो गया। पड़ोस के एक दूसरे गोदाम तक भी आग पहुंच गई …
कानपुर। निराला नगर के एक फर्नीचर कारखाने में गुरुवार दोपहर आग लग गई। सूचना के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। तब तक कारखाने व गोदाम पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और लाखों का माल जलकर राख हो गया। पड़ोस के एक दूसरे गोदाम तक भी आग पहुंच गई थी। लेकिन फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।
किदवईनगर थाना क्षेत्र के निराला नगर में बउआ बाजपेई का फर्नीचर का कारखाना और गोदाम है। बउआ ने बताया कि गुरुवार दोपहर को एक बजे उनके गोदाम में अचानक आग लग गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने धुआं निकलते देख आग पर काबू पाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही नहीं पड़ोस के एक दूसरे गोदाम को भी चपेट में ले लिया।
पढ़ें- कानपुर: बुजुर्ग महिला को डॉक्टरों ने हड़ताल का हवाला देकर भर्ती करने से किया इंकार
सूचना पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और गोदाम को चारों तरफ से घेराबंदी करके पानी की बौछार की गई। तब जाकर करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। किदवई नगर थाने का पुलिस फोर्स और सीएफओ एमपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। एमपी सिंह ने बताया कि करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पा लिया गया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ी आधे घंटे देरी से आने पर व्यापारियों ने आक्रोश जताया।
सीएफओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि गोदाम में आग कैसे लगी। इसके साथ ही वहां मौजूद सभी कारखाना मालिकों को आग बुझाने के लिए सभी कारखानों में अग्निशमन यंत्र लगाने की नसीहत दी है। इससे कि आग लगते ही फौरन आग पर काबू पाया जा सके। एक भी कारखाने में सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन यंत्र नहीं लगा मिला।
