Human Rights Day 2021: आज है विश्व मानवाधिकार दिवस, जानें अपने अधिकार
Human Rights Day 2021: मानव अधिकार दिवस हर साल 10 दिसंबर को मनाया जाता है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र (United Nations) ने 1948 में मानवाधिकार दिवस (human rights day) घोषित किया था। जिसका उद्देश्य पूरी दुनिया के लोगों को मानवाधिकारों के महत्व के प्रति जागरूक करना और इसके पालन के प्रति सजग रहने का संदेश देना …
Human Rights Day 2021: मानव अधिकार दिवस हर साल 10 दिसंबर को मनाया जाता है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र (United Nations) ने 1948 में मानवाधिकार दिवस (human rights day) घोषित किया था। जिसका उद्देश्य पूरी दुनिया के लोगों को मानवाधिकारों के महत्व के प्रति जागरूक करना और इसके पालन के प्रति सजग रहने का संदेश देना था।
इसके अलावा मानवाधिकार दिवस की औपचारिक स्थापना 4 दिसंबर 1950 को महासभा की 317वीं बैठक में हुई। जब महासभा ने संकल्प 423 (V) की घोषणा की थी। जिसमें सभी सदस्य राज्यों और किसी भी अन्य संगठनों को इस दिन को मनाने के लिए बुलाया गया था।
सबको पता होना चाहिए अपने अधिकार के बारे में….

दुनिया में हर व्यक्ति का मानवाधिकार है, समानता का अधिकार है। इसके बारे में हर इंसान को पता होना चाहिए। जिसको लेकर संयुक्त राष्ट्र किसी भी सदस्य देश में सत्तासीन सरकार के साथ लोगों को उनके मूल अधिकारों के बारे में शिक्षित करने में एक बड़ी भूमिका निभाता है।
पढ़ें: अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस : 11 महीने में मानवाधिकार उल्लंघन की 250 शिकायतें
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने साल 1948 में मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा की थी। इसमें जानकारी दी गई थी कि एक इंसान जाति, रंग, धर्म, लिंग, भाषा, राजनीतिक, देश, मूल और जन्म के भेदभाव के बिना सभी मानवाधिकारों का हकदार है। जिसमें समानता, स्वतंत्रता और भी बहुत सारे अधिकार सम्मिलित हैं।
मानवाधिकार के भाग….
- जिंदगी जीने, आजादी और निजी सुरक्षा का अधिकार
- समानता का अधिकार
- सक्षम न्यायाधिकरण द्वारा बचाव का अधिकार
- कानून के सामने व्यक्ति के रूप में मान्यता के अधिकार
- भेदभाव से स्वतंत्रता
- दासता से स्वतंत्रता
- अत्याचार से स्वतंत्रता
मनमानी गिरफ्तारी और निर्वासन से स्वतंत्रता….
इसके अलावा मानवाधिकारों में मुख्यत जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार, गुलामी और यातना से मुक्ति का अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार और काम व शिक्षा का अधिकार आदि शामिल हैं। वहीं, मानवाधिकारों के संबंध में नेल्सन मंडेला ने कहा था, ‘लोगों को उनके मानवाधिकारों से वंचित करना उनकी मानवता को चुनौती देना है।’

‘असमानताओं को कम करना है’ इस साल का थीम…जानें
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस 2021 (International Human Rights Day) का थीम ‘असमानताओं को कम करना और मानव अधिकारों को आगे बढ़ाना’ है। समानता के बारे में यूडीएचआर में कहा गया है कि ‘सभी मनुष्य स्वतंत्र और सम्मान और अधिकारों में समान हैं। समानता और गैर-भेदभाव के सिद्धांत मानवाधिकारों के केंद्र में हैं।
