हल्द्वानी: बेस अस्पताल में फिर से होगी टेंडर से दवा खरीद, कोरोनाकाल की शुरुआत से लगी थी रोक
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना अस्पताल में दवाओं की खरीद के लिए अब टेंडर प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाएगा। यहां पिछले डेढ़ साल से दवाओं की खरीद स्थानीय स्तर पर की जा रही है। जिस वजह से अस्पताल में आए दिन दवाओं की जरूरी किल्लत बन जाती है और दवाओं की खरीद …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना अस्पताल में दवाओं की खरीद के लिए अब टेंडर प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाएगा। यहां पिछले डेढ़ साल से दवाओं की खरीद स्थानीय स्तर पर की जा रही है। जिस वजह से अस्पताल में आए दिन दवाओं की जरूरी किल्लत बन जाती है और दवाओं की खरीद भी महंगे दामों पर होती है।
कोरोना काल शुरू होने के साथ ही बेस अस्पताल में दवाओं की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया को रोक दिया गया था। साथ ही पीएमएस ने स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीद प्रक्रिया से अस्पताल में दवाओं की आपूर्ति को जारी रखवाया। इससे अस्पताल को यह फायदा हुआ कि जो दवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकतीं हैं, उनकी आपूर्ति अस्पताल में जल्द हो जाती थी लेकिन जो दवाएं स्थानीय स्तर पर नहीं मिलतीं थीं, उनकी खरीद नहीं हो पाती थी।
साथ ही स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीद के लिए एक तय धनराशि होना भी दवाओं की उपलब्धता को बनाए रखने में दिक्कत का कारण बन रहा था। साथ ही स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीद की वजह से कम मात्रा में दवाओं को खरीदा जाता था। इस वजह से दवाओं की खरीद ज्यादा दामों मे होती थी। ज्यादा धन खर्च करने के बाद भी अस्पताल को कम दवाएं मिलतीं हैं। अगर इन्हीं दवाओं का टेंडर के आधार पर खरीदा जाएगा तो दवाओं की उसी धनराशि में ज्यादा खरीद हो सकेगी। इन्हीं सब कारणों को देखते हुए अब अस्पताल में फिर से दवाओं की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया के लिए काम किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही यहां दवाओं की खरीद के लिए टेंडर शुरू हो जाएगा।
दवाओं की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया के लिए काम किया जा रहा है। संबधित कर्मचारियों को टेंडर प्रक्रिया के लिए निर्देशित किया गया है। – डा. सविता ह्यांकी, पीएमएस, बेस अस्पताल हल्द्वानी
