काशीपुर: बैंक में बंधक मकान धोखाधड़ी कर बेचा
काशीपुर, अमृत विचार। कुछ लोगों द्वारा धोखाधड़ी कर बैंक में बंधक मकान को बेचे जाने का मामला प्रकाश में आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मोहल्ला कविनगर के सिद्दीकी मार्केट निवासी आजम हुसैन पुत्र शरीफ अहमद ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने …
काशीपुर, अमृत विचार। कुछ लोगों द्वारा धोखाधड़ी कर बैंक में बंधक मकान को बेचे जाने का मामला प्रकाश में आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला कविनगर के सिद्दीकी मार्केट निवासी आजम हुसैन पुत्र शरीफ अहमद ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने बीती 10 नवंबर 2020 को तहसील ठाकुरद्वारा के ग्राम तगाली निवासी अतुल चौधरी से एक मकान अपनी पत्नी शबीहा के नाम खरीदा था। मकान खरीदने के दौरान अतुल चौधरी के साथ जनपद मुरादाबाद के तहसील आदोनगली निवासी प्रदीप कुमार शर्मा व उसकी पत्नी अनीता शर्मा, तहसील काशीपुर के ग्राम बरखेड़ा पांडे निवासी मो. यूसुफ पुत्र मो. नवी, ग्राम खड़कपुर देवीपुरा निवासी उदयराज सिंह ने उन्हें विश्वास दिलाया था कि मकान ले लो कोई परेशानी नहीं होगी।
इसके बाद उसके द्वारा 18 लाख 65 हजार रुपए देकर मकान की रजिस्ट्री इन सभी की मौजूदगी में कराई गई। कहा कि बीती 25 नवंबर 2021 को एसआईसी हाउसिंग फाइनेंस लि. हल्द्वानी से दो व्यक्ति उसके घर आए तथा कहने लगे की तुम्हारा मकान एसआईसी में बंधक है तथा ऋण बकाया से संबंधित सूचना मकान पर लगा कर चले गए।
कहा कि जब उसने जानकारी ली तो पता चला कि मकान की प्रथम मालिक अनीता शर्मा ने मकान पर ऋण ले रखा है जिसमें मकान पर 18 लाख 85 हजार रुपए का ऋण मकान पर बकाया है। कहा कि अनीता शर्मा ने षड्यंत्र रचकर उक्त मकान का बैनामा 9 जुलाई 2018 को यूसुफ को कर दिया। इसके बाद यूसुफ ने सब कुछ जानते हुए मुख्तयारे आम उदयराज सिंह को बनाकर अतुल चौधरी को 20 जून 2020 को रजिस्टर्ड बैनामे के माध्यम से बेच दिया।
कहा कि सभी लोगों को इस बात की पूर्ण जानकारी थी कि मकान एलआईसी में बंधक है फिर भी एकराय होकर षणयंत्र के तहत धोखाधड़ी कर 18 लाख 65 हजार की धनराशि हड़प ली। जब उसके द्वारा आरोपियों से शिकायत की तो सभी ने कहा कि हमने तो मकान बेच दिया है जो करना है कर लो। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
