यूपी में बह रही है विकास की गंगा: केशव प्रसाद मौर्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार में प्रदेश में विकास की गंगा बहा रही है। जखनियां तहसील मुख्यालय पर मौर्य ने शुक्रवार को एक जनसभा में दावा किया कि अपराध मुक्त हो चुका यह प्रदेश भूख और भ्रष्टाचार से निजात पाने …

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार में प्रदेश में विकास की गंगा बहा रही है। जखनियां तहसील मुख्यालय पर मौर्य ने शुक्रवार को एक जनसभा में दावा किया कि अपराध मुक्त हो चुका यह प्रदेश भूख और भ्रष्टाचार से निजात पाने की ओर है। चारों ओर खुशहाली और विकास का डंका बज रहा है। साथ ही कहा कि अपराधी प्रदेश छोड़ने पर विवश हो चुके हैं। वहीं गरीब कल्याण की योजनाएं धरातल पर मूर्त रूप ले चुकी हैं। कोरोना महामारी के कारण तंगहाली का सामना कर रहे गरीबों को निशुल्क खाद्यान्न योजना एक संजीवनी का काम कर रही है।

ऐसे में भ्रष्टाचारियों अपराधियों की एक बड़ी जमात 2022 में भाजपा सरकार को हटाने का दिवास्वप्न देख रही है। जिसे प्रदेश की जनता पूरा नहीं होने देगी। गाजीपुर मुख्यालय स्थित अंधउ हवाई पट्टी से सड़क मार्ग की ओर से सिद्धपीठ हथियाराम मठ व जखनियां तहसील मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर की यात्रा करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि जखनिया क्षेत्र की सभी सड़कें लगभग समाप्त हो चुकी हैं, जो यात्रा करने के लायक नहीं है। जिन्हें तत्काल प्रभाव से ठीक कराने का काम शुरू कर दिया जाएगा। चुनाव तक सभी सड़कें चमचमाती नजर आएंगी।

पढ़ें: भाजपा राज में गरीबों के अनाज पर भी पड़ने लगा है डाका: अखिलेश यादव

उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अपराधी परास्त विपक्ष वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से घबराया हुआ है। लेकिन जनता योगी सरकार की कार्यप्रणाली से पूरी तरह संतुष्ट है जो 2022 में भी अपना आशीर्वाद देने का कार्य करेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उनके सुचारू रूप से क्रियान्वयन के लिए जनता से पुन आशीर्वाद मांगा।

सिद्धपीठ पर दर्शन पूजन कर उन्होंने बुढ़िया माई से पुन सरकार बनाने का आशीर्वाद मांगा। मौर्य ने कहा कि गाजीपुर जखनिया क्षेत्र शहीदों की धरती है, लेकिन इसकी पहचान अपराधियों की ओर से कुछ और ही बना दिया गया था। वर्तमान सरकार के नेतृत्व में गाजीपुर को उसको उसका खोया हुआ गौरव वापस कराना एक प्रमुख लक्ष्य होगा। आगामी विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी सातों सीटें भाजपा के पक्ष में देकर जनता अपनी भूल सुधरेगी।

संबंधित समाचार