मुरादाबाद: ओपीडी में कोल्ड निमोनिया, कोलाइटिस के डेढ़ हजार से अधिक मरीज पहुंचे
मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में डेढ़ हजार से अधिक मरीज पहुंचे। डिप्लोमा फार्मासिस्टों के सुबह दो घंटे कार्य बहिष्कार से दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को इंतजार करना पड़ा। इन मरीजों में कोल्ड निमोनिया, कोलाइटिस, बुखार के मरीज अधिक रहे। द्वितीय शनिवार के चलते ओपीडी आधे दिन की रही। इससे …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में डेढ़ हजार से अधिक मरीज पहुंचे। डिप्लोमा फार्मासिस्टों के सुबह दो घंटे कार्य बहिष्कार से दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को इंतजार करना पड़ा। इन मरीजों में कोल्ड निमोनिया, कोलाइटिस, बुखार के मरीज अधिक रहे।
द्वितीय शनिवार के चलते ओपीडी आधे दिन की रही। इससे मरीजों को चिकित्सकों तक जल्दी पहुंचकर परामर्श लेने की आपाधापी रही। दवा वितरण काउंटर पर सुबह दो घंटे तक प्रशिक्षु फार्मासिस्ट ने दवा बांटने का जिम्मा संभाला। संख्या कम होने से लाइन में खड़े मरीज खासकर महिला मरीजों ने शोर मचाया तो होमगार्ड ने स्थिति संभाली।
वहीं बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर लंबी कतार लगी थी। डेढ़ बजे तक उन्होंने 167 मासूम बच्चों की जांच कर इलाज किया। कई बच्चों सोनू, निखिल, स्नेहा, स्वाति, सिमरन, जुनैद, आफताब को तीन चार दिन से अधिक बुखार आने को देखते हुए बालरोग विशेषज्ञ डाँ वीर सिंह ने खून की जांच का परामर्श दिया।
वहीं तीन मरीजों की पसली तेज चलने पर वार्ड में भर्ती कर नेबुलाइजर की सलाह दी। बताया कि ठंड में जरा भी लापरवाही बच्चों के लिए भारी पड़ रही है। अभिभावकों को सलाह दिया कि बच्चों को गर्म कपड़ों में रखें। शाम या रात में घर से बाहर निकालने से परहेज करें। आइसक्रीम और बाहर के खाद्य पदार्थों से दूर रखें, ताजा, पौष्टिक और सुपाच्य भोजन दें।
वहीं चेस्ट फिजिशियन, जनरल फिजिशियन कक्ष में भी बुखार, सांस फूलने, सीने में दर्द की शिकायत लेकर मरीज पहुंचे। चेस्ट फिजिशियन डाँ प्रवीण शाह का कहना है कि इन दिनों चेस्ट और हृदयरोग के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सुबह सूरज निकलने के बाद ही टहलने निकलें। घर से बाहर निकलने पर ऊनी वस्त्र और हाथ, पैर, सिर ढककर निकलें। अपने रक्तचाप और अन्य जांच नियमित कराते हुए चिकित्सक की सलाह से दवा का सेवन करें। अन्यथा लापरवाही भारी पड़ सकती है।
यह भी पढ़े-
मुरादाबाद: पति की पिटाई से गर्भस्थ शिशु की मौत, आरोपी गिरफ्तार
