बरेली: स्कूटी का पेट्रोल खत्म हुआ दोस्त…. चल दूसरी को उठाते हैं……
बरेली, अमृत विचार। बच्चों के शौक भी अजीब होते हैं, किसी का खाने का तो किसी का घूमने का तो किसी को नई-नई चीजें खरीदकर उनका इस्तेमाल करने का। इसी तरह बारादरी के रहने वाले दो बच्चों का एक नया शौक सामने आया है। दोनों को स्कूटी चलाने का शौक ऐसा चढ़ा कि स्कूटी चोरी …
बरेली, अमृत विचार। बच्चों के शौक भी अजीब होते हैं, किसी का खाने का तो किसी का घूमने का तो किसी को नई-नई चीजें खरीदकर उनका इस्तेमाल करने का। इसी तरह बारादरी के रहने वाले दो बच्चों का एक नया शौक सामने आया है। दोनों को स्कूटी चलाने का शौक ऐसा चढ़ा कि स्कूटी चोरी शुरू कर दी। वह एक स्कूटी चुराकर उससे शहर की सड़कों पर जमकर फर्राटा भरते थे और जब पेट्रोल खत्म हो जाता था तो उसे छोड़कर दूसरी स्कूटी चुरा लेते थे। उनका यह खेल सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। हालांकि नाबालिग होने के चलते उन्हें चेतावनी देते हुए परिजनों के हवाले कर दिया।
बारादरी के जगतपुर इमामबाड़ा से गुरुवार को एक स्कूटी चोरी हुई थी। कुछ समय बाद वह स्कूटी किला के पंजाबपुरा में खड़ी मिली। जहां यह स्कूटी खड़ी मिली थीं उसी समय वहां खड़ी दूसरी स्कूटी चोरी हो चुकी थी। तलाश के बाद पता चला कि दूसरी स्कूटी घटनास्थल से थोड़ी ही दूर पंजाबपुरा में खड़ी मिली। इसके बाद किला पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया।
काफी देर की तलाश के बाद एक सीसीटीवी कैमरा फुटेज में दो बच्चे स्कूटी चुराते दिखाई दिए। इसके बाद दोनों बच्चों की पहचान की गई और उनके परिजनों को किला थाने बुलाया गया। जांच में पता चला कि दोनों बच्चे बारादरी थाना क्षेत्र के कांकरटोला के रहने वाले हैं। एक की उम्र 10 साल और दूसरे की 8 साल है। साथ ही एक बच्चे के पिता मजदूर और दूसरे के रिक्शा चालक हैं। बच्चों ने जगतपुरा इमामबाड़ा से स्कूटी चुराकर पेट्रोल खत्म होने पर पंजाबपुरा में खड़ी कर दी और वहां से एक दूसरी स्कूटी को चुराई और उसका तेल खत्म होने पर पंजाबपुरा में छोड़ दी।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि जो स्कूटी उन्होंने बारादरी से चुराई थी उसकी चाबी स्कूटी चालक से गिर गई थी, जिसे उन्होंने वापस ही नहीं किया था और उसी से स्कूटी का लॉक खोलकर चलाने के लिए ले गए थे। वहीं पंजाबपुरा में से जो स्कूटी उठाई थी उसका लॉक पिछली स्कूटी की चाबी से ही खुल गया था।
पुलिस के मुताबिक जुवेनाइल जस्टिस अधिनियम (जेजे एक्ट) के तहत इतनी कम उम्र के बच्चों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती। इसलिए दोनों बच्चों के परिजनों को अंतिम चेतावनी देते हुए बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया।
