अमृत विचार अभियान: पुलिस के लिए नाक का सवाल बनीं मुरादाबाद डिपो की 25 बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अधिक किराया और लंबी दूरी प्रकरण दिल्ली रूट के यात्रियों के लिए यक्ष प्रश्न बन गया है। रोडवेज प्रबंधन स्टेशन रोड से इन बसों को चलने देने का कई बार अनुरोध कर चुका है। यातायात पुलिस जाम का कारण मानते हुए बसों को चलने नही दे रही है। यातायात पुलिस के लिए …

मुरादाबाद, अमृत विचार। अधिक किराया और लंबी दूरी प्रकरण दिल्ली रूट के यात्रियों के लिए यक्ष प्रश्न बन गया है। रोडवेज प्रबंधन स्टेशन रोड से इन बसों को चलने देने का कई बार अनुरोध कर चुका है। यातायात पुलिस जाम का कारण मानते हुए बसों को चलने नही दे रही है। यातायात पुलिस के लिए केवल इस रूट की बसें ही नाक का सवाल बनी हुईं हैं। आम लोगों की परेशानी से पुलिस को कोई मतलब नहीं है।

मुरादाबाद डिपो के संचालन व्यवस्था पर नजर डालें, तो यहां से 34 जोड़ी बसें दिल्ली रूट पर चलती हैं। इनमें मुरादाबाद- अमरोहा बाया हापुड़- आनंद विहार तक के यात्री सवार होते हैं। वापसी में भी यही रूट रहता है। जबकि इसी डिपो से हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर और बिजनौर रूट की 37 बसें चल रही हैं। उधर, दिल्ली रूट की नौ जोड़ी वातानुकूलित बसें भी स्टेशन रोड से आ-जा रही हैं।

दिल्ली रूट की 25 बसों का संचालन रोका गया है। यातायात पुलिस की नजर में बसें जाम का बड़ा कारण है। इस रूट के डायवर्जन में मार दिल्ली रूट के यात्रियों को पड़ रही है। डिपो से दिल्ली का सफर10 किलोमीटर लंबा हो गया है, जबकि 12 रुपये किराया बढ़ गया है। उधर, हरिद्वार रूट की बसें स्टेशन रोड (महाराणा प्रताप तिराहा) से आ- जा रहीं हैं।

जानकार मानते हैं कि दिल्ली रूट की बसों के संचालन में दोनों विभागों में समन्वय का अभाव है। तभी तो हरिद्वार रूट की 37 जोड़ी बसों के संचालन को लेकर यातायात पुलिस परेशान नहीं है, और मात्र 25 बसें यातायात पुलिस के लिए सर दर्द होने जा रही हैं।

रोडवेज प्रबंधन और यातायात पुलिस आमने-सामने
मुरादाबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सोमपाल सिंह का कहना है किअब डिपो की 37 बसें नियमित रूप से महाराणा प्रताप चौक के रास्ते बिजनौर, सहारनपुर, देहरादून और हरिद्वार को आ-जा रहीं हैं। दिल्ली रूट पर डिपो की कुल 34 बसें चलती हैं। जिसमें नौ जोड़ी वातानुकूलित हैं। कोरोना काल में बसों के चलाने की शुरुआत हुई तो इन्हें यातायात पुलिस ने एसी बसों को चलने दिया। जबकि साधारण बसों को इस रूट से पुलिस चलने नहीं दे रही है। डिपो से दिल्ली रूट की बसों को हनुमान मूर्ति तिराहा से वाया आरटीओ संचालित किया जा रहा है। रूट बहाल करने के लिए जिला प्रशासन और एसपी यातायात से अनुरोध किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक (यातायात) अशोक कुमार सिंह का मानते हैं कि रेलवे स्टेशन रोड का जाम पूरे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित कर देता है। लोकोशेड पुल निर्माण के दौरान दिल्ली रूट की बसों का संचालन बदले रास्ते से शुरू किया गया। रोडवजे प्रबंधन की ओर से दिल्ली की ओर जाने वाली बसों के आने-जाने की अनुमति मांगी गयी। लेकिन, स्टेशन रोड पर जाम न लगे, इसके लिए अनुमति नहीं दी गयी है। मुरादाबाद डिपी की एसी बसों को इस रूट से चलाया जा रहा है। साधारण सेवा के चालक- परिचालक जहां- तहां बसें रोक देते हैं। इसलिए उनका संचालन बहाल नहीं किया गया है।

संबंधित समाचार