2022 के चुनाव में जीतनी हैं और अधिक सीटें : राष्ट्रीय मंत्री
सीतापुर। देश और प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। जनता के लिए काफी काम हो रहे हैं। चुनाव से पहले कृषि कानून को लेकर जारी आंदोलन भी खत्म हो गया है। अब अवध में सभी सीटों पर बंपर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड बनाना है। साल 2017 से और अधिक सीटें जीतनी है। बस कार्यकर्ता, पदाधिकारी …
सीतापुर। देश और प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। जनता के लिए काफी काम हो रहे हैं। चुनाव से पहले कृषि कानून को लेकर जारी आंदोलन भी खत्म हो गया है। अब अवध में सभी सीटों पर बंपर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड बनाना है। साल 2017 से और अधिक सीटें जीतनी है। बस कार्यकर्ता, पदाधिकारी क्षेत्र में रहें और काम करें। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व क्षेत्र के सह प्रभारी सत्य कुमार ने सेवता विधानसभा की मंडल प्रवास बैठक में कही।
यह बैठक विधायक ज्ञान तिवारी के आवास पर आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा इस बार उत्तर प्रदेश में फिर इतिहास रचने का कार्य करेंगे। समाजवादी पार्टी को गुंडों की पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सपा की असलियत पहचानती है। जनता को मालूम है कि सपा सरकार आने पर उत्तर प्रदेश में फिर से गुंडाराज स्थापित हो जाएगा।
उन्होंने सपा समेत तमाम विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ट्रस्ट चला रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की खुशहाली सिर्फ भाजपा के साथ है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता दिखा देगी कि वह पूर्ण रुप से भाजपा के साथ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस विधानसभा चुनाव में इतिहास दर्ज कराएगी। इस अवसर पर उन्होंने मोदी व योगी सरकार की योजनाओं का बखान भी किया।
उन्होंने कहा कि सेवता विधानसभा में वर्ष 2012 में जो वोट मिले थे। उसके मुकाबले 2014, 2017, और 2019 का आंकड़ा आसमान छू रहा है। आने वाले 2022 में यह विधानसभा फिर इतिहास रचेगी। इससे पूर्व विधायक ज्ञान तिवारी ने प्रदेश सह प्रभारी का जोरदार स्वागत किया। थानगांव से लगाकर रेउसा आवास तक भारी संख्या में वाहनों के जुलूस व कार्यकर्ताओं के साथ उनकी अगवानी की गई। इस दौरान भारी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-सीतापुर: आपसी मतभेद भुलाकर चार जोड़े एक साथ रहने को हुए राजी, जानें मामला
