बरेली: शरीर पर तेल लगाकर डकैती डालने वाले 8 बदमाश गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर में 10 दिन पहले हुई डकैती वाले बदमाशों वालों को पुलिस और एसओजी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बदमाश बाराबंकी और शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। वह घटना के वक्त शरीर पर तेल लगाकर जाते थे ताकि यदि कोई पकड़े तो वह उनकी पकड़ से फिसल जाएं। पूछताछ …

बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर में 10 दिन पहले हुई डकैती वाले बदमाशों वालों को पुलिस और एसओजी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बदमाश बाराबंकी और शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। वह घटना के वक्त शरीर पर तेल लगाकर जाते थे ताकि यदि कोई पकड़े तो वह उनकी पकड़ से फिसल जाएं। पूछताछ में डकैतों ने बताया कि उन्होंने जिले के तीन थाना क्षेत्रों में चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

सोमवार को एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता करके बताया कि 4 दिसंबर को फरीदपुर में डकैती हुई थी। इसके बाद से पुलिस आरोपी बदमाशों को तलाश कर रही थी। पुलिस को पता चला कि घटना करने वाले गैंग का लीडर शाहजहांपुर के गांव ईसापुर निवासी पप्पू उर्फ नरवीर है। वह रविवार की रात अपने गैंग के साथ कंजर गौटिया से पदारथपुर को जाने वाली नहर की पटरी पर एक अन्य घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 8 बदमाशों को तमचों समेत अन्य सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपियों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस समेत एक खोखा, छह चाकू, तीन टॉर्च, तीन डंडे, एक लोहे की रॉड, सरसों की तेल की बोतल, छह मोबाइल बरामद हुए हैं।

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर की रात में सभी फरीदपुर रेलवे फाटक सरकडा के बाहरी किनारे पर मुर्गी फार्म से आगे खेतों के किनारे लगे लोहे के तार हटाकर गांव के बाहर वाले मकान में घुस गये थे। इसके बाद उन्होंने दरवाजे के ताले को सब्बल से तोड़ा वहां बनी एक झोपड़ी में सो रहे दो लोगों को बंधक बना लिया। इसके अलावा कमरे में सो रही तीन महिलाओं के हाथ बांध दिये।

जिसके बाद उनकी अलमारी में रखे सोने व चांदी के जेवरो को समेत नकदी पर हाथ साफ कर लिया। इसके बाद शाहजहांपुर के पास बने डेरे पर उन्होंने माल को छुपा दिया। वहीं इसके अलावा डेढ़ माह पहले जिला जेल के पास नहर के किनारे गांव में, एक माह पहले अहलादपुर गांव में व डेढ़ माह पहले ही हाफिजगंज के लभेड़ा गांव में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

डकैती समेत चोरी का सामान हुआ बरामद
पुलिस टीम को आरोपियों की निशानदेही पर फरीदपुर डकैती समेत चार थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का माल भी बरामद हुआ है। इसमें फरीदपुर डकैती की घटना में दस हजार नकद, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कान के कुंडल, एक जोड़ी छोटी बाली, एक अंगूठी, गले की चेन, छह चांदी के सिक्के व दो जोड़ी पायल बरामद हुई है। जबकि भुता में हुई चोरी में अंगूठी, एक जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी चांदी की पायल और इज्जतनगर में हुई चोरी में दो जोड़ी पायल, सात सिक्के चांदी, पांच हजार रुपये व हाफिजगंज में हुई चोरी में दो चांदी की पायल व दो चांदी की अंगूठी बरामद हुई है।

घटना के बाद बदमाश बदल लेते थे अड्डा
बदमाशों ने बताया कि वह डकैती और चोरी की घटना के बाद जो माल उसे मिलता था उसे डेरे में छुपा देते थे। इसके बाद वह अपना अड्डा बदल देते थे। इस तरह से बदमाशों ने हर घटना के बाद अपने अड्डे को बदला था। गैंग लीडर पप्पू नरवीर के खिलाफ बरेली समेत आस पास के जिलों में 15 मामले दर्ज हैं। उसपर पुलिस ने गैंगस्टर की भी कार्रवाई की है। इसके अलावा बदमाश धनश्याम पर 14 अलग अलग थानों में 14 मामले दर्ज हैं। बाबू बदमाश पर 7 मामले और नरपत पर 7, डाल सिंह पर 7, नारायण पर भी 7 मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही भीम पर 7 और रवि पर भी 7 लूट, चोरी और डकैती के मामले दर्ज हैं।

यह बदमाश हुए गिरफ्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना के ईसापुर का निवासी पप्पू पुत्र नरवीर व बाबू पुत्र थान सिंह, मिलकियां निगोही निवासी घनश्याम पुत्र नारायण, भीम पुत्र बृजपाल, नारायण पुत्र बलिराम, राउतपुर सिंधौली निवासी नरपत पुत्र रोहन व दाल सिंह उर्फ डालचंद, बाराबंकी के बसंतपुर बद्दुपुर निवासी रवि पुत्र जंगली हैं।

संबंधित समाचार