मुरादाबाद : टीटीई की जमानत अर्जी पर 16 दिसंबर को होगी सुनवाई, नौकरी के नाम पर ठगे थे 10 लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पेट्रोलियम मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने और रकम वापस मांगने पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी टीटीई की जमानत अर्जी पर अब 16 दिसंबर को सुनवाई होगी। निचली अदालत ने टीटीई की जमानत अर्जी पहले ही खारिज कर दी थी। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रामाश्रम कालोनी निवासी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पेट्रोलियम मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने और रकम वापस मांगने पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी टीटीई की जमानत अर्जी पर अब 16 दिसंबर को सुनवाई होगी। निचली अदालत ने टीटीई की जमानत अर्जी पहले ही खारिज कर दी थी।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रामाश्रम कालोनी निवासी विजय सिंह रेलवे विभाग में टीटीई के पद पर तैनात हैं। विजय सिंह पर आरोप है कि उन्होंने सम्भल के मोहल्ला शहजादी सराय निवासी सतेंद्र और मोहल्ला आलम सराय निवासी कौशल से पेट्रोलियम मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपये लिए थे। लंबे समय तक नौकरी न लगने पर दोनों ने जब विजय सिंह से अपनी रकम वापस मांगी तो वह टरकाने लगे।

दबाव डालने पर विजय सिंह ने 10 लाख रुपये का चेक दे दिया जो बाउंस हो गया। 30 नवंबर को सतेंद्र व कौशल अपने एक दोस्त रकम लेने के लिए विजय सिंह के घर पहुंचे। बताते हैं कि वहां पर किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विजय सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से तीनों पर फायर झोंक दिए। पैर में गोली लगने से नदीम घायल हो गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद विजय सिंह को जेल भेज दिया गया था।

जेल में बंद विजय सिंह ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सीजेएम कोर्ट में जमानत अर्जी दी थी। वहां से अर्जी खारिज होने के बाद उन्होंने जिला जज की कोर्ट में अर्जी दी थी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने बताया कि मंगलवार को अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले में अब 16 दिसंबर को सुनवाई होगी।

संबंधित समाचार