बरेली: आईओसीएल के मैनेजर के घर चोरी
बरेली, अमृत विचार। आईओसीएल मैनेजर के घर के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों के माल पर हाथ साफ कर लिया। घरेलू सामान के साथ कपड़े व टोटियां तक ले गए। चार दिन बाद घर लौटे मैनेजर ने जब ताले टूटे देखे तो पुलिस को सूचना दी। बिथरी चैनपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। …
बरेली, अमृत विचार। आईओसीएल मैनेजर के घर के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों के माल पर हाथ साफ कर लिया। घरेलू सामान के साथ कपड़े व टोटियां तक ले गए। चार दिन बाद घर लौटे मैनेजर ने जब ताले टूटे देखे तो पुलिस को सूचना दी। बिथरी चैनपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बिथरीचैनपुर थाना क्षेत्र के रामगंगानगर कॉलोनी के सेक्टर 7 निवासी नेत्रपाल इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में मैनेजर हैं। उनकी तैनाती पानीपत में है। दूसरे शहर में ड्यूटी होने की वजह से घर पर कम ही रहते हैं। उनका भतीजा प्रशांत शर्मा घर में रहकर फार्मासिस्ट की पढ़ाई करता है। 8 दिसंबर को वह परिवार सहित शहर से बाहर गए थे। उनका भतीजा अपने घर गया था। 12 दिसंबर को जब वापस लौटे तो घर के सभी ताले टूटे पड़े थे।
घर के अंदर का सामान भी बिखरा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि चोर घर में लगा इन्वर्टर-बैटरा, वायरिंग का तार, घर में लगी पानी की टोटियां चुरा ले गए। घर में रखे कपड़े तक चोरों ने नहीं छोड़े। उन्होंने तुरंत बिथरी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच की।
रामगंगा नगर आवासीय कॉलोनी में बढ़ रहा चोरों का आतंक
बीडीए द्वारा डोहरा रोड पर निर्मित रामगंगा नगर आवासीय योजना के तहत बनीं विभिन्न कॉलोनियों में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां चोरों का एक गैंग सक्रिय है जो दिन में रेकी करता है। रात में ताले लगे घरों में चोरी की घटना को अंजाम देता है। बीते दिनों सेक्टर नौ के बंद दो घरों में चोरों ने ताले तोड़कर टोटियां खोल ले गए थे। इससे पहले कोरोना काल में भी सेक्टर नौ में ही एक घर में करीब डेढ़ लाख की चोरी की थी।
बीडीए ने कॉलोनी बना दी लेकिन सुरक्षा दरकिनार
रामगंगा नगर आवासीय योजना के तहत बनीं कॉलोनियों में बीडीए लाखों के प्लॉट तो बेच रहा है लेकिन सुरक्षा के नाम पर यहां कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मकान बनाकर यहां लोग डर के साये में रह रहे हैं। मकानों के कई आवंटी असुरक्षा के डर से यहां रहने नहीं आ रहे हैं। उनका कहना है कि अगर बीडीए सुरक्षा के लिए कॉलोनियों में चौकीदार की व्यवस्था करे तो यहां आकर रहें। बता दें कि कॉलोनी में लगीं स्ट्रीट लाइटें तक बीडीए ने नहीं ठीक कराई हैं।
