बरेली: काला कोट पहनकर आए माफिया का बीडीए टीम पर हमला
बरेली, अमृत विचार। हरूनगला में लगभग चार करोड़ की कीमत की करीब 1500 वर्गमीटर अपनी सीलिंग की जमीन पर कब्जा करने पहुंची बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम पर काले कोट पहनकर आए भूमाफिया के साथ 10-15 दबंगों ने हमला बोल दिया। बीडीए की टीम ने मंगलवार को जैसे ही बाउंड्रीवाल निर्माण शुरू किया तभी …
बरेली, अमृत विचार। हरूनगला में लगभग चार करोड़ की कीमत की करीब 1500 वर्गमीटर अपनी सीलिंग की जमीन पर कब्जा करने पहुंची बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम पर काले कोट पहनकर आए भूमाफिया के साथ 10-15 दबंगों ने हमला बोल दिया। बीडीए की टीम ने मंगलवार को जैसे ही बाउंड्रीवाल निर्माण शुरू किया तभी दबंगों ने हाथापाई शुरू कर दी। हमलावर सीमेंट-सरिया सहित दूसरी सरकारी निर्माण सामग्री भी लूट ले गए। सूचना मिलते ही बीडीए के उच्चाधिकारी व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची लेकिन पहले ही आरोपी फरार हो गए। बीडीए ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
हरूनगला में स्थित गाटा संख्या-439 व 442 क्षेत्रफल लगभग 1500 वर्ग मीटर भूमि जो अर्बन सीलिंग से अतिरिक्त रिक्त घोषित भूमि है और राज्य सरकार के पक्ष में निहित हो चुकी है। इसका कब्जा सीलिंग विभाग से बीडीए को मिल चुका है। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि इस भूमि की कीमत लगभग चार करोड़ रुपये है। बीडीए की यह भूमि खाली पड़ी थी। अधिकारियों के पास सूचना आ रही थी कि इस भूमि पर कुछ भूमाफिया की नजर है। इस पर बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने टीम गठित कर इस बेशकीमत जमीन को अपने कब्जे में लेने के लिए बाउंड्रीवाल बनाने की कार्ययोजना बनाई थी।
इसके तहत बीडीए की टीम सहायक अभियंता रामकुमार चौधरी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू करा दिया। जानकारी लगते ही काला कोट पहनकर आए भूमाफिया ने अपने साथियों की मदद से निर्माण करा रही बीडीए की टीम पर हमला बोल दिया। हाथापाई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दीवार बनाने के लिए रखी सरकारी सीमेंट-सरिया सहित दूसरी निर्माण सामग्री लूट ले गए। टीम की सूचना पर जब तक बीडीए सचिव योगेश सिंह व अधिशासी अभियंता आशू मित्तल अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक भूमाफिया और उनके साथी फरार हो गए। इसके बाद टीम ने पुलिस सुरक्षा में बाउंड्रीवाल का निर्माण फिर से शुरू कराया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बीडीए की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
दिवंगत उद्योगपति के पुत्र सहित चार नामजद व अज्ञात माफिया के खिलाफ रिपोर्ट
बीडीए ने इस मामले में उद्योगपति स्व. भारत भूषण के पुत्र सहित चार लोग व अन्य अज्ञात गुंडों व माफिया के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बीडीए के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सम्भव सक्सेना पुत्र स्व. भारत भूषण शील, चन्द्र भूषण सक्सेना पुत्र अज्ञात, अभिनव सक्सेना पुत्र चन्द्रभूषण सक्सेना, सुधांशु कमल पुत्र राम अवतार को नामजद कराने के साथ अन्य अज्ञात गुंडों-भूमाफिया पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले को लेकर तहरीर दी थी। इस पर रिपोर्ट भी दर्ज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि ये लोग गुंडों व माफिया के साथ आए और बीडीए टीम एवं मौके पर काम कर रहे मजदूरों से मारपीट की। मौके से जबरदस्ती प्राधिकरण की लगभग 2 क्विंटल सरिया एवं 10 बोरी सीमेन्ट, मजदूरों के औजार आदि सामान लूटकर ले गये। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गयी।
जमीन पर बने हैं कुछ अवैध मकानों का भी होगा ध्वस्तीकरण
हरूनगला में बीडीए को मिली सीलिंग की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से भवन सहित दूसरे निर्माण भी करा लिए हैं। एक्सईएन आशू मित्तल ने बताया कि जमीन की पैमाइश के बाद जो अवैध निर्माण का हिस्सा बीडीए की जमीन पर आ रहा है, उसके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द होगी।
भूमाफिया के दूसरे अवैध निर्माण भी हुए चिन्हित
बीडीए के अधिकारियों ने बताया कि कुछ भूमाफिया ने हरूनगला में अवैध रूप से कई निर्माण करा लिए हैं। इनका कोई नक्शा पास नहीं है। ऐसे भी भवनों को चिन्हित किया गया है। नोटिस देने की कार्रवाई पहले ही हो चुकी है। जल्द ही इन निर्माणों को भी तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन-
हरूनगला में बीडीए की सीलिंग की जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाने के दौरान कुछ लोगों ने बीडीए की टीम के साथ हाथापाई व मारपीट करने के साथ मौके पर रखी सामग्री व अन्य सामान लूट कर ले गए हैं। इस मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
-आशू मित्तल, अधिशासी अभियंता, बीडीए
