मुरादाबाद : नगर आयुक्त का चालक बताकर पांच लोगों से ठगे 7.5 लाख
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर आयुक्त का चालक बताकर शातिर ने पांच लोगों से 7.5 लाख रुपये ठग लिये। पांचों को नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। कार्यभार ग्रहण कराकर पीड़ितों से तीन महीने तक काम भी करा लिया। तीन माह बाद भी वेतन खाते में न आने पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर आयुक्त का चालक बताकर शातिर ने पांच लोगों से 7.5 लाख रुपये ठग लिये। पांचों को नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। कार्यभार ग्रहण कराकर पीड़ितों से तीन महीने तक काम भी करा लिया। तीन माह बाद भी वेतन खाते में न आने पर पीड़ितों ने पुलिस महानिदेशक से शिकायत की। इसके बाद नागफनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
ठगी के शिकार हुए शोभा पत्नी ओमकार, अनीता पत्नी मनमोहन, अमन पुत्र सुंदरलाल, हर्ष पुत्र रामकुमार, अजय सिंह पुत्र जगदीश नागफनी थानाक्षेत्र के दौलतबाग वाल्मीकि बस्ती के निवासी हैं। पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल को प्रार्थना पत्र देकर सभी ने आरोप लगाया कि कटघर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुलाबबाड़ी निवासी सुनील कुमार गब्बर चार माह पूर्व उनके घर आया था।
सुनील कुमार गब्बर ने खुद को नगर आयुक्त का चालक बताया था। उसने नगर आयुक्त और निगम के अधिकारियों से अच्छी पहुंच भी बताई थी। कहा था कि वह कई लोगों की नौकरी नगर निगम में लगवा चुका है। अपनी बातों में फंसाकर आरोपी सुनील गब्बर ने प्रति व्यक्ति डेढ़-डेढ़ लाख कुल साढ़े सात लाख रुपये ले लिए। पीड़ित अजय सिंह ने बताया कि आरोपी ने नगर निगम के सुपरवाइजर के अंडर में पांचों का कार्यभार भी ग्रहण करा दिया। उन्होंने तीन महीने काम भी किया।
इसके बाद भी जब वेतन नहीं मिला तो सुनील से जानकारी की। इस पर आरोपी ने वेतन जल्द ही खाते में आने की बात कह कर टरका दिया। निर्धारित समय के बाद भी खाते में वेतन नहीं आया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। निगम के अधिकारियों से जानकारी की तो फर्जीवाड़ा होने का पता चला। इसके बाद पुलिस महानिदेश से शिकायत की। बुधवार को नागफनी पुलिस ने आरोपी सुनील गब्बर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिय। इंस्पेक्टर नागफनी जय प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
