मुरादाबाद : प्रशिक्षुओं की भीड़ ने कांठ रोड किया जाम, दिनभर रेंग-रेंग कर गुजरे वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार का दिन कांठ रोड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए आफत भरा रहा। पीएसी की तीनों वाहिनियों में आमद के लिए आने वाले प्रशिक्षुओं व उनके परिजनों के कारण दिन निकलने के ही कांठ रोड जाम की गिरफ्त में आ गया। तीनों वाहिनियों के गेट पर आमद कराने वाले प्रशिक्षुओं …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार का दिन कांठ रोड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए आफत भरा रहा। पीएसी की तीनों वाहिनियों में आमद के लिए आने वाले प्रशिक्षुओं व उनके परिजनों के कारण दिन निकलने के ही कांठ रोड जाम की गिरफ्त में आ गया। तीनों वाहिनियों के गेट पर आमद कराने वाले प्रशिक्षुओं की कतार लग रही थी तो वहीं पर सड़क पर वाहनों का दबाव भी बढ़ता जा रहा था। दोपहर को आलम यह हो गया कि भीषण जाम के कारण दोपहिया वाहनों को निकालने में चालकों के पसीने छूट गए।

पीलीकोठी से विवेकानंद तक दिनभर वाहनों की कतार लगी रही और रेंग-रेंग कर वाहन गुजरते रहे। कांठ रोड पर जबरदस्त ट्रैफिक रश के कारण आनन-फानन में दोपहर को अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को जाम खुलवाने के लिए तैनात किया गया। बता दें कि कांठ रोड पर नवीं, 23वीं और 24वीं वाहिनी पीएसी के कैंप हैं। इसके अलावा पुलिस अकादमी भी इसी मार्ग पर पड़ती है। बिजनौर-हरिद्वार की ओर जाने वाले इस इकलौते मार्ग पर हर वक्त जबरदस्त ट्रैफिक रश रहता है।

यही वजह है कि महानगर में कोई परीक्षा या फिर बड़ा आयोजन होने पर इस मार्ग से आने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया जाता है या फिर आधे रास्ते में वाहनों को रोक दिया जाता है। बुधवार को शासन के आदेश के बाद इस मार्ग पर पड़ने वाली तीनों वाहिनियों पर प्रशिक्षुओं की आमद होनी थी। हालांकि प्रशिक्षुओं की संख्या अधिक न होने के कारण आमद के दौरान कांठ मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने कोई प्लान नहीं बनाया।

तीनों वाहिनियों के गेट पर वाहन पार्क करने से बिगड़े हालात
नवीं, 23वीं और 24वीं वाहिनी में आमद कराने के लिए बुधवार को निर्धारित समय से पहले पहुंचने के कारण तीनों वाहिनियों के गेट पर प्रशिक्षुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। इस बीच उनके साथ आए परिजनों ने वाहिनियों के गेट के सामने अपने वाहनों को पार्क करना शुरू कर दिया। जिस कारण सुबह दस बजे से कांठ रोड जाम की गिरफ्त में आने लगा। मौजूद पुलिसकर्मी किसी तरह वाहनों को पास कराते रहे लेकिन, वक्त के साथ दोपहर तक जबरदस्त ट्रैफिक रश होने के कारण कांठ मार्ग पूरी तरह से जाम की गिरफ्त में आ गया। आलम यह हो गया कि पीएसी तिराहा, नवीन नगर और किला के पास अंदर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की लाइनें लग गई। रही-सही कसर दोपहिया व चार पहिया वाहन चालकों की जल्दबाजी ने कर दी। दोपहर को कांठ रोड के अलावा संपर्क मार्गों पर दूर-दूर तक वाहन खड़े नजर आ रहे थे। जबरदस्त ट्रैफिक रश के कारण पैदल निकलना तक दुश्वार हो गया। जाम की दुश्वारियां बढ़ने पर दोपहर करीब दो बजे अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई। इसके बाद भी बुधवार की देर शाम तक कांठ रोड पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए।

 

संबंधित समाचार