मुरादाबाद : ऑनलाइन किया था 87.5 हजार का आर्डर, मिला कुर्ता-पायजामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। फेसबुक पर रेडीमेड़ कपड़ों का आर्डर लेकर साढ़े 87 हजार रुपये हड़पने के मामले में कारोबारी ने आरोपी के खिलाफ नागफनी थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज किया है। नागफनी थानाक्षेत्र के झब्बू का नाला किसरौल निवासी आदिल अरशद …
मुरादाबाद, अमृत विचार। फेसबुक पर रेडीमेड़ कपड़ों का आर्डर लेकर साढ़े 87 हजार रुपये हड़पने के मामले में कारोबारी ने आरोपी के खिलाफ नागफनी थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज किया है।
नागफनी थानाक्षेत्र के झब्बू का नाला किसरौल निवासी आदिल अरशद रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते हैं। उन्होंने फेसबुक पर कपड़ों की बिक्री का विज्ञापन देखा। इसके बाद उन्होंने बेचने वाले से फोन पर बात की। सौदा तय हो जाने पर उन्होंने 27 नवंबर को साढ़े 47 हजार रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। उधर से आरोपी ने उन्हें बिल्टी भेज दी। इसके बाद कारोबारी को विश्वास हो गया।
अगले दिन आरोपी का फोन आया कि वह बाहर जा रहा है। बचा हुआ माल भी ले लीजिए वरना बाद में नहीं मिलेगा। उसकी बातों में आकर आदिल ने 28 नवंबर को उसके खाते में 40 हजार रुपये और भेज दिए। आरोपी ने इस बार भी बिल्टी भेज दी। अगले दिन उन्होंने कोरियर लेने अपने बेटे को भेजा तो एक डिब्बा मिला। जिसमें करीब आठ सौ रुपये कीमत का कुर्ता पायजामा था।
यह देख कारोबारी के होश उड़ गए। मगर तब तक आरोपी उन्हें साढ़े 87 हजार रुपये का चूना लगा चुका था। पीड़ित ने बाद में आरोपी को फोन मिलाने का कई बार प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिल सकी। तब उन्होंने नागफनी थाने में तहरीर दी। गुरुवार को नागफनी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
