राहुल और प्रियंका 18 को अमेठी में करेंगे पदयात्रा
लखनऊ। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के दयनीय प्रदर्शन के बाद राज्य में राजनीतिक गतिविधियों से लगभग किनारा कर चुके पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी बहन और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ 18 दिसंबर को अमेठी में प्रतिज्ञा पद यात्रा निकालेंगे। लगभग ढाई साल के लंबे …
लखनऊ। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के दयनीय प्रदर्शन के बाद राज्य में राजनीतिक गतिविधियों से लगभग किनारा कर चुके पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी बहन और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ 18 दिसंबर को अमेठी में प्रतिज्ञा पद यात्रा निकालेंगे। लगभग ढाई साल के लंबे अंतराल के बाद राहुल के अमेठी दौरे से कांग्रेस की स्थानीय इकाई में जबरदस्त उत्साह है। साथ राहुल प्रियंका के इस कार्यक्रम के जरिये शक्ति प्रदर्शन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ पंकज श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के जारी जनअभियान के तहत ‘भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ’ नारे के साथ 18 दिसंबर को अमेठी में ‘प्रतिज्ञा पदयात्रा’ निकाली जाएगी। जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शामिल होंगी। वहीं, 19 दिसंबर को रायबरेली में ‘शक्ति संवाद’ होगा।
जहां प्रियंका महिलाओं के साथ कांग्रेस के महिला घोषणपात्र पर बातचीत करेंगी। इसी दिन प्रतापगढ़ में किसान रैली, मेरठ में मैराथन दौड़ और शहजहांपुर में अशफाकउल्लाह खां के शहादत दिवस पर विशेष आयोजन होगा। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल को भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के मुकाबले हार का सामना करना पड़ा था।
पढ़ें: केजरीवाल दो जनवरी को यूपी में करेंगे चुनाव अभियान का आगाज
हालांकि राहुल केरल की वायनाड संसदीय सीट से चुने गये थे। इस चुनाव में कांग्रेस को एकमात्र सीट रायबरेली में मिली थी। जहां पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी निर्वाचित हुयी थीं। 2017 का विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस ने राहुल के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर लड़ा था। मगर उसमें भी पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पडा था। पिछले दो साल से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी में पार्टी की कमान संभाल रखी है। इसके अलावा ‘मेरठ में लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान के तहत मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया गया है। जो कैलाश प्रकाश स्टेडियम से शुरू होगी।
