लखीमपुर खीरी: प्रमुख पटाखा कारोबारी की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग, कारोबारी समेत दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पुलिस से बेखौफ हमलावरों ने सरेशाम शहर के प्रमुख पटाखा कारोबारी की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से पटाखा कारोबारी और उनका एक कर्मचारी भी घायल हुआ है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटाखा कारोबारी की …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पुलिस से बेखौफ हमलावरों ने सरेशाम शहर के प्रमुख पटाखा कारोबारी की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से पटाखा कारोबारी और उनका एक कर्मचारी भी घायल हुआ है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटाखा कारोबारी की हालत नाजुक बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। घटना गुरुवार की शाम करीब छह बजे हुई। शहर के मोहल्ला हाथीपुर निवासी जुबेर उर्फ राजू शहर के प्रमुख पटाखा कारोबारी हैं। उनकी दुकान अतिव्यस्त देवकली रोड पर है।

गोली लगने से घायल पटाखा कारोबारी जुबेर उर्फ राजू ने बताया कि दीपावली में उनकी दुकान जीआईसी मैदान में लगी थी, जहां पर पटाखे को लेकर उनकी शहर के आनंद टॉकिज के पीछे रहने वाले छल्लू नाम के युवक से रुपये छोड़ने की बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज छन्नू ने उसे देख लेने की धमकी भी दी थी। लेकिन उन्होंने धमकी को गंभीरता से नहीं लिया था। गुरुवार की शाम करीब छह बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी बीच छल्लू अपने पांच-छह अन्य साथियों के साथ दुकान पर आ धमका और पटाखे मांगने लगा। जुबेर ने पटाखा देने से इंकार कर दिया। इस पर वह गाली-गलौज करने लगा।

वह कुछ समझ पाते। इससे पहले ही छल्लू ने अपने साथियों के साथ दुकान में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह से वह काउंटर आदि के सहारे बचने की कोशिश की, लेकिन तब तक गोली उनके पेट और दाहिने हाथ में जा धंसी। एक गोली उनके कर्मचारी भंसिड़या स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी तालिब के बाएं पैर में जा धंसी। इससे दोनों लहूलुहान होकर गिर गए। आरोपियों के गिरते ही हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। इधर सरेराह अंधाधुंध फायरिंग होने से आसपास और सड़क पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर छुपने लगे। किसी तरह से जुबेर ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी।

मौके पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल पहुंचकर घायल प्रमुख पटाखा कारोबारी और उनके कर्मचारी का हाल जाना। पटाखा कारोबारी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन हमलावर अभी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।

अंधाधुंध फायरिंग से फैली दहशत
शहर की देवकली रोड पर जिस समय अंधाधुंध फायरिंग हुई। उस वक्त दुकानदार अपनी दुकानों पर बैठे हुए थे। राहगीर भी शहर से अपने घरों को वापस लौट रहे थे। सरेराह अचानक शुरू हुई अंधाधुंध फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार दुकानों के शटर गिराकर मौके से खिसक गए। लोग अपने घरों में दुबक गए और दरवाजे बंद कर लिए। काफी देर बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो लोग दुकानों पर वापस लौटे और घरों के दरवाजे खुले। दुकानदारों व आसपास के लोगों में घटना के बाद से दहशत का माहौल है।

सीओ सिटी पहुंचे अस्पताल, जाना हाल
सीओ सिटी अरविंद वर्मा घटना की सूचना पाकर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पटाखा कारोबारी जुबेर व घायल उनके कर्मचारी तालिब से घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक सदर को टीमें गठित कर हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी करने के कड़े निर्देश दिए। सीओ सिटी ने डॉक्टर से भी दोनों की हालत को लेकर बातचीत की।

वर्जन —दीपावली पर पटाखे खरीदने को लेकर कोई बातचीत हो गई थी। इसी को लेकर गोली मारे जाने की बात सामने आई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जिन लोगों का नाम सामने आया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  –अरविंद वर्मा, सीओ सिटी

संबंधित समाचार