डॉ लोहिया के सपने को पीएम मोदी ने किया पूरा: सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में पूर्ववर्ती सरकारों और मौजूदा सरकार के कार्यों की तुलना करते हुये दावा किया कि 60 साल पहले समतामूलक समाज का जो सपना डॉ राममनोहर लोहिया ने देखा था वह अब जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के कारण साकार हो सका है। मुख्यमंत्री …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में पूर्ववर्ती सरकारों और मौजूदा सरकार के कार्यों की तुलना करते हुये दावा किया कि 60 साल पहले समतामूलक समाज का जो सपना डॉ राममनोहर लोहिया ने देखा था वह अब जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के कारण साकार हो सका है। मुख्यमंत्री योगी ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में वित्त मंत्री द्वारा पेश अनुपूरक बजट मांगों और लेखानुदान प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुये यह बात कही।

योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से ब्यौरा पेश करते हुये लोहियावादी होने का दावा करने वाली सपा पर जमकर निशाना साधा। योगी ने समाजवादी विचारक डॉ राममनोहर लोहिया को याद करते हुए कहा कि डा लोहिया ने 1950-60 के दशक में अपनी पीड़ा को व्यक्त किया था। लोहिया ने कहा था कि जो सरकार इस देश के अंदर गरीबों के लिए शौचालय का निर्माण कर देगी, खुले में शौच से उन्हें मुक्ति दिलाएगी और उनके घर में चूल्हा जलाने का कार्य करेगी।

उस सरकार को दुनिया की कोई ताकत 25 सालों तक हटा नहीं पाएगी। योगी ने कहा, “डॉ लोहिया ने 60 साल पहले जो सपना देखा था, उस सपने को प्रधानमंत्री मोदी ने साकार किया। आज हर गरीब के पास शौचालय है, हर गरीब के पास रसोई गैस का कनेक्शन, हर गरीब के पास फ्री राशन का कार्ड, आयुष्मान भारत का पांच लाख रुपए का गोल्डेन कार्ड, बिजली का फ्री कनेक्शन है।

पढ़ें: लखनऊ: काकोरी बलिदान दिवस पर होगा ड्रोन शो, कैनवास पर लिखी जाएगी शहीदों की गौरवगाथा

इससे पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की ओर से दोनों सदनों में पेश 85 सौ करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट में सरकार ने गरीबों, मजदूरों, जरूरतमंदों और महिलाओं के लिए सौगातों का पिटारा खोला है। योगी ने सरकार की जनकल्याण के इन फैसलों का हवाला देकर सपा का नाम लिए बिना कहा कि अपने क्षणिक वोट बैंक को साधने के स्वार्थों की खातिर देश के विभाजन के जिम्मेदार मोहम्मद अली जिन्ना को महिमा मंडित करने से ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।

संबंधित समाचार