रामपुर: डीसीएम और ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़ंत, चालक की मौत, दो मजदूर घायल
शहजादनगर, अमृत विचार। थाना शहजादनगर क्षेत्र में हाइवे पर ट्रैक्टर ट्राली और डीसीएम की भिड़ंत में चालक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना शहजादनगर थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित धमोरा …
शहजादनगर, अमृत विचार। थाना शहजादनगर क्षेत्र में हाइवे पर ट्रैक्टर ट्राली और डीसीएम की भिड़ंत में चालक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना शहजादनगर थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित धमोरा बाईपास पर शुक्रवार की तड़के सुबह की है।
बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र स्थित गौंटिया मिर्जापुर निवासी ओमपाल ट्रैक्टर ट्रॉली से लकड़ी ढोकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। रोजमर्रा की तरह ओमपाल अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में लकड़ी भरकर शहजादनगर थाना क्षेत्र में किसी प्लाई फैक्ट्री में उतारने जा रहा था। जैसे ही ओमपाल धमोरा पहुंचा तो लकड़ी उतारने के लिए क्षेत्र के ही पैगंबरपुर निवासी दो मजदूर मुकीम पुत्र घसीटा और खाओंर लाला ट्रॉली पर बैठ गए। जिसके चलते जब ट्रॉली धमोरा बाईपास पर पहुंची तो बरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा होते ही मौके पर चीख पुकार मचने लगी। वहीं डीसीएम चालक व हेल्पर मौका पाकर फरार हो गए। हादसे में ट्रैक्टर चालक मजदूरों के साथ लकड़ी में दब गया और लकड़ी हाइवे पर फैल गई। जिसके बाद हाइवे पूरी तरह बंद हो गया और रोड पर वाहनों के जाम की लंबी कतार लगने लगी। हादसे की सूचना पर अपनी फोर्स के साथ दौड़े धमोरा चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने आनन-फानन में घायलों को निकालकर एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
साथ ही क्रेन की मदद से हाइवे पर फैली लकड़ियों को साफ कराकर यातायात चालू कराया। जिला अस्पताल में चल रहे घायलों के उपचार के दौरान ट्रैक्टर चालक ओमपाल की मौत हो गई। हादसे में चालक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिसके बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
