बरेली: छेड़खानी पर लड़की पक्ष के रिश्तेदार ने की फायरिंग, एक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीबीगंज, अमृत विचार। कॉलेज से घर लौट रही एक छात्रा के साथ गांव के चौराहे पर कुछ शोहदों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को सारी बात बताई। इस पर परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे। इसके बाद आरोपी पक्ष ने लड़की के घर पर हमला बोल दिया। इस पर …

सीबीगंज, अमृत विचार। कॉलेज से घर लौट रही एक छात्रा के साथ गांव के चौराहे पर कुछ शोहदों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को सारी बात बताई। इस पर परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे। इसके बाद आरोपी पक्ष ने लड़की के घर पर हमला बोल दिया। इस पर छात्रा के रिश्तेदार ने फायरिंग कर दी जिसमें दूसरे पक्ष का एक किशोर घायल हो गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में पुलिस तैनात की गई है।

घटना थाना क्षेत्र के एक बिबिया पुर गांव की है। बताया जाता है कि गांव में एक संप्रदाय की 11वीं कक्षा की छात्रा शुक्रवार शाम पांच बजे कॉलेज से पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के चौराहे पर खड़े मज़ीद, साजिद, फईम उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। छात्रा ने विरोध किया और घर जाकर पूरा घटनाक्रम परिजनों को बताया। परिजन जब शोहदों के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो आरोपियों के परिजन छात्रा पर ही आरोप लगाने लगे और छात्रा के घर आ धमके। गाली-गलौज कर हमला कर दिया। इससे वहां हंगामा मच गया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।

इसी दौरान छात्रा के घर आए एक फौजी ने पिस्टल से तीन राउंड फायर कर दिए। एक फायर पड़ोस में खड़े 10 वर्षीय आसिफ को लग गया जिसे देख वहां भगदड़ मच गई। दो संप्रदाय में टकराव की सूचना पर सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। बवाल की सूचना पर किला व सुभाषनगर का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। देर शाम सीओ सेकंड आशीष प्रताप सिंह गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। रात में छात्रा के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।

तलाशी में मिले तीन असलहे, थाने पहुंची फॉरेंसिक टीम
पुलिस की तलाशी में फौजी व उसके साथियों के पास से तीन असलहे मिले है जिसमें राइफल, पिस्टल, बंदूक शामिल है। गोली किस असलहे से चली है, इसकी जांच के लिए देर शाम सीबीगंज थाने में फॉरेंसिक की टीम पहुंची। पुलिस असलहे के लाइसेंस के बारे में भी पता कर रही है। पुलिस ने फौजी व उसके दो अन्य साथियों को हिरासत में ले लिया है।

युवती से शोहदे आए दिन करते थे छेड़छाड़
छात्रा के परिजनों का कहना है कि गांव के शोहदे उनकी बेटी से आए दिन छेड़छाड़ करते थे। कई बार पहले भी उन्हें समझाया गया था लेकिन वह नहीं मान रहे थे । इसी दौरान जब शुक्रवार को छात्रा कॉलेज से लौट रही थी तो शोहदों ने उसके साथ फिर छेड़छाड़ शुरू की थी जिसके बाद पूरी घटना हुई।

संबंधित समाचार