कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव में हिंसा, अधिवक्ता की हुई मौत
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव के दौरान शुक्रवार को भड़की हिंसा में गोली लगने से एक अधिवक्ता की मौत हो गयी। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बार एसोसिएशन के चुनाव के लिये आज मतदान हो रहा था। मगर इस दौरान दिन भर …
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव के दौरान शुक्रवार को भड़की हिंसा में गोली लगने से एक अधिवक्ता की मौत हो गयी। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बार एसोसिएशन के चुनाव के लिये आज मतदान हो रहा था। मगर इस दौरान दिन भर कचहरी परिसर में झड़प होती रही। झड़पों को लेकर बढ़े बवाल को देखते हुए एल्डर्स कमेटी ने चुनाव को रद्द कर दिया। चुनाव रद्द होने से अफरा तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।
इस बीच गोलीबारी शुरू हो गयी, जिसमें दो अधिवक्ता घायल हो गये। इनमें से एक की देर रात इलाज के दौरान हैलट अस्पताल में मौत हो गई है। सूत्रों के अनुसार मतदान दो घंटे की देरी से शुरु हुआ था। जिसको लेकर अधिवक्ताओं के एक गुट ने कड़ी नाराजगी जताई। मतदान शुरु होने के बाद भी दिन भर वकीलों के बीच पूरे कचहरी परिसर में रुक-रुककर झड़प होती रही। बवाल की आशंका को देखते हुए चुनाव करा रही एल्डर्स कमेटी ने चुनाव प्रक्रिया को ही रद्द कर दिया।
इसके बाद भी वकीलों की आपसी झड़प शांत नहीं हुई और शताब्दी गेट के पास संयुक्त प्रकाशन मंत्री का चुनाव लड़ रहे दो उम्मीदवारों के समर्थकों में भिड़ंत हो गई और इसी दौरान गोली चल गई। गोली चलने से अधिवक्ता मेजर पाण्डे और अधिवक्ता गौतम दत्त घायल हो गयें। जिनको जिला अस्पताल उर्सला लाया गया। मेजर पाण्डेय के हाथ में गोली लगी थी। जिसका इलाज उर्सला में चल रहा था और वहीं अधिवक्ता गौतम दत्त के पेट में गोली लगी थी।
पढ़ें: सहारनपुर: भ्रष्टाचार के आरोप में मुजफ्फरनगर डीएसओ गिरफ्तार
हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया जिसके चलते आनन-फानन में अधिवक्ता एंबुलेंस से लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे। जहांपर डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता गौतम दत्ता का इलाज शुरू कर दिया। लेकिन देर रात इलाज के दौरान गौतम दत्ता की मौत हो गई। अधिवक्ता की मौत की जानकारी होते ही वकीलों में रोष फैल गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिये पुलिस ने अस्पताल के बाहर भारी फोर्स तैनात कर दिया है और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतक गौतम दत्ता के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया है।
