बरेली: कान्हा आश्रय केंद्र में गायों के मरने की सूचना पर हड़कंप
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम से संचालित कान्हा पशु आश्रय केंद्र में कई गौवंशीय पशुओं के मरने की सूचना और इसके वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। यहां कई गायों के मरने और जख्मी होने की सूचना को मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया गया है। जबकि, नगर निगम के अधिकारी इसे …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम से संचालित कान्हा पशु आश्रय केंद्र में कई गौवंशीय पशुओं के मरने की सूचना और इसके वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। यहां कई गायों के मरने और जख्मी होने की सूचना को मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया गया है। जबकि, नगर निगम के अधिकारी इसे सिरे से नकार रहे हैं। उनका कहना है कि कान्हा पशु आश्रय में कुछ गाय बीमार तो हैं लेकिन किसी के मरने की जानकारी गलत है।
सीबीगंज में नंदौसी में बने कान्हा पशु गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अब ठंड बढ़ रही है और यहां रहने वाले गौवंशीय पशुओं के चारे, अलाव और इलाज की बेहतर व्यवस्था न होने से गायों की मरने की सूचनाएं आ रही हैं। राष्ट्रीय योगी सेना गौ रक्षा प्रकोष्ठ के जिला मंत्री हिमांशु पटेल और मीडिया प्रभारी अरुण पटेल ने बताया कि उनकी टीम कान्हा गौशाला पहुंची। पहले तो गेट पर तैनात गार्ड ने अंदर नहीं जाने दिया। कहासुनी के बाद हम लोग अंदर घुस पाए।
कान्हा गौशाला में जब हमने वीडियो और फोटो बनाने शुरू किए तो गार्ड ने रोकने का प्रयास किया। गौशाला स्टाफ ने हमसे मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। गौशाला की स्थिति काफी खराब मिली। यहां गायों को ठंड से बचाने के लिए अच्छी व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि गौशाला में 8 गाय मृत मिली और कई गाय जख्मी बीमार स्थिति में है। मुख्य सफाई निरीक्षक एके दुबे ने कहा कि गायों की सामान्य मौतें भी होती हैं। हर महीने कुछ मामले आने स्वाभाविक है।
गौशाला में कई गाय बीमार है लेकिन किसी के मरने की सूचना नहीं है। बीमार गायों का इलाज किया जा रहा है। साथ ही उन्हें चारे के साथ उनके लिए गुड़ व चने की व्यवस्था भी की जा रही है। -डॉ. अशोक कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी
