मुरादाबाद : मॉकड्रिल में कोरोना मरीजों के इलाज की व्यवस्था में मिली खामियां, दिए निर्देश
मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए बने कोविड अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरक्षित वार्ड में इलाज के प्रबंध को परखने के लिए मॉकड्रिल किया गया। इसमें खामियां भी उजागर हुईं। केंद्रों पर ऑक्सीजन प्लांट सक्रिय नहीं था। इसे तत्काल सक्रिय करने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए बने कोविड अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरक्षित वार्ड में इलाज के प्रबंध को परखने के लिए मॉकड्रिल किया गया। इसमें खामियां भी उजागर हुईं। केंद्रों पर ऑक्सीजन प्लांट सक्रिय नहीं था। इसे तत्काल सक्रिय करने का निर्देश चिकित्साधिकारियों ने दिया।
जिला अस्पताल परिसर में एमसीएच विंग में मॉकड्रिल में तैयारियों का जायजा स्टेट नोडल डॉ. सुनील पांडेय ने लिया। 100 बेड के लेवल टू कोविड यूनिट व पीकू वार्ड के नोडल डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल की मौजूदगी में मॉकड्रिल में एक संक्रमित के आने की सूचना पर स्वास्थ्यकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए पीपीई किट पहनकर उसे वार्ड में भर्ती कराया। उसकी जांच कर चिकित्सक दल ने इलाज किया। उसकी उखड़ती सांस को संभालने के लिए ऑक्सीजन प्लांट से जुड़े इस वार्ड में पाइपलाइन के जरिए बेड पर ही ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था की पोल खुल गई, क्योंकि ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। इस पर स्टेट नोडल ने तत्काल इसे ठीक कराने के निर्देश दिए।
केंद्र पर एंबुलेंस की तैनाती के दिए निर्देश
डिलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय शर्मा की निगरानी में मॉकड्रिल हुआ। इसमें केंद्र पर कोविड मरीजों के लिए आरक्षित 10 बेड के कोविड यूनिट में एक मरीज को भर्ती कर इलाज किया गया। केंद्र पर प्रबंधों में कमी मिली। यहां ऑक्सीजन प्लांट से पाइपलाइन के माध्यम से बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए कनेक्शन न होने पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी और कार्यदायी संस्था पर नाराजगी जताई। कहा इसे अतिशीघ्र पूरा कराकर इलाज के पुख्ता इंतजाम रखें। ताकि कोविड से संक्रमित के इलाज में कोई संकट न रहे। केंद्र पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
शरीफ नगर स्वास्थ्य केंद्र पर भी ऑक्सीजन प्लांट सक्रिय नहीं
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीएस मर्तोलिया ने भी शरीफ नगर स्वास्थ्य केंद्र पर मॉकड्रिल में तैयारियां देखीं। केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट सक्रिय नहीं था। स्टाफ प्रशिक्षित न होने से उनको दक्ष बनाने व दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के लिए निर्देश दिया। ऐसे में सवाल यह है कि इन दिनों ऑमिक्रॉन के मामले देश व प्रदेश में बढ़ रहा है यदि मुरादाबाद में भी किसी विदेश से लौटे यात्री में इसके लक्षण मिले तो उसके इलाज में अधूरा प्रबंध अड़चन बन सकता है।
