प्रधानमंत्री बरेली आए तो निरस्त रहीं मुंबई-बेंगलुरू की चारों फ्लाइटें
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बरेली दौरे के दौरान सुरक्षा कारणों की वजह से शनिवार को बरेली से मुंबई और बेंगलुरू और मुंबई और बेंगलुरू से बरेली आने-जाने वाली फ्लाइटें निरस्त रहीं। मोदी के हैलीकाप्टर के त्रिशूल एयरफोर्स पर उतरने और उड़ान भरने के दौरान मुंबई व बेंगलुरू की फ्लाइटों की टाइमिंग लगभग …
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बरेली दौरे के दौरान सुरक्षा कारणों की वजह से शनिवार को बरेली से मुंबई और बेंगलुरू और मुंबई और बेंगलुरू से बरेली आने-जाने वाली फ्लाइटें निरस्त रहीं। मोदी के हैलीकाप्टर के त्रिशूल एयरफोर्स पर उतरने और उड़ान भरने के दौरान मुंबई व बेंगलुरू की फ्लाइटों की टाइमिंग लगभग सेम होने की वजह से चारों उड़ानें निरस्त करने की भी प्रमुख वजह सामने आई। बरेली एयरपोर्ट के पास अपना रन-वे नहीं है।
180 सीटर एयरबस एयरफोर्स के रन-वे से ही उड़ान भरती हैं। दोनों बड़े महानगरों के लिए इंडिगो की कामर्शियल उड़ान संचालित होती है। इससे जहां शनिवार को टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं इंडिगो को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। यदि एयरपोर्ट का अपना रन-वे बना हुआ होता तो उड़ानें निरस्त करने की नौबत नहीं आती।
बरेली एयरपोर्ट उड़े देश का हर नागरिक स्कीम के तहत बनवाया गया है। 8 मार्च को बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होने पर इसका आरंभ हुआ। एयर ट्रैफिक अच्छा मिलने की वजह से इंडिगो ने मुंबई और बेंगलुरू के लिए कामर्शियल उड़ानें शुरू कीं। जल्द लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होने वाली है। इसके बाद भविष्य में आगरा, अयोध्या, बनारस भी फ्लाइटें शुरू होनी हैं। ऐसे में सभी फ्लाइटें उड़ान भरने के लिए एयरफोर्स के रन-वे का ज्यादातर प्रयोग करेंगी तो सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा होगा। इसके साथ फ्लाइटों के रेगुलर संचालन में भी दिक्कतें सामने आती रहेंगी।
हालांकि, बरेली एयरपोर्ट के लिए करीब 22 करोड़ रुपये केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जारी होना शेष हैं। मुंबई की फ्लाइट के आरंभ होने के मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जल्द शेष धनराशि जारी करने का आश्वासन भी दिया था। यदि वह रकम मिल गई तो एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को काफी बल मिलेगा। इधर, बरेली एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ का कहना है कि मोदी की सुरक्षा कारणों को लेकर ही दोनों फ्लाइटें निरस्त रहीं। 19 दिसंबर से फ्लाइटें रेगुलर संचालित हैं।
इंडिगो की वेबसाइट से बुकिंग का शनिवार-रविवार का विवरण हटाया
इंडिगो की ऑफीशियल वेबसाइट पर भी टिकट बुकिंग का विवरण शनिवार के साथ रविवार का भी नहीं दिखा रहा है। इससे माना जा रहा है कि शनिवार को मुंबई व बेंगलुरू आने-जाने वाले यात्रियों को रविवार को फ्लाइट से जाने का मौका दिया गया है। इसलिए रविवार का विवरण भी वेबसाइट से हटा दिया गया है।
यह भी बात सामने आई कि दोनों दिनों के 90-90 टिकट को रविवार की फ्लाइट में शामिल किया गया है। 20 दिसंबर को टिकट बुकिंग का विवरण वेबसाइट पर स्पष्ट है। बरेली एयरपोर्ट से मुंबई और बेंगलुरू के लिए प्रतिदिन करीब 600 से अधिक यात्री हवाई सफर करते हैं। इसमें बरेली, मुरादाबाद मंडल के अलावा ज्यादातर यात्री उत्तराखंड के शामिल होते हैं।
