मुरादाबाद : यूपी पुलिस के गुर सीखेंगे 10 आईपीएस प्रशिक्षु
मुरादाबाद, अमृत विचार। दूसरे राज्यों के अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए आईपीएस अधिकारी यूपी पुलिस के ‘हथकंडे’ अपनाएंगे। साथ ही अपराध नियंत्रण करने में यूपी पुलिस के लिए सहायक हो चुके सूचना तंत्र का भी सहारा लेंगे। इतना ही नहीं वे सिरदर्द साबित हो चुके अपराधियों, अनसुलझे मामलों को सुलझाने की तकनीक और कानून …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दूसरे राज्यों के अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए आईपीएस अधिकारी यूपी पुलिस के ‘हथकंडे’ अपनाएंगे। साथ ही अपराध नियंत्रण करने में यूपी पुलिस के लिए सहायक हो चुके सूचना तंत्र का भी सहारा लेंगे। इतना ही नहीं वे सिरदर्द साबित हो चुके अपराधियों, अनसुलझे मामलों को सुलझाने की तकनीक और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन चुके बवाल के संबंध में भी बारीकी से जानकारी लेंगे।
हैदराबाद से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद एक माह के लिए 10 प्रशिक्षु आईपीएस ने अकादमी में आमद करानी शुरू कर दी है। कांठ रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी को पुलिस का गुरुकुल कहा जाता है। आईपीएस से लेकर सब इंस्पेक्टर तक यहां पर पुलिस की बारीकियां सीखने के लिए आते हैं।
कोरोना काल में जब पूरे देश में लाकडाउन लगा था, उस वक्त ऑनलाइन क्लासेज के जरिए डिप्टी एसपी व सब इंस्पेक्टर का प्रशिक्षण पूरा कराया गया था, जो रिकार्ड में अकादमी की बेहतरीन उपलब्धि में शामिल हो गया है। आउटडोर व इनडोर विषयों के जरिए प्रशिक्षुओं को शारीरिक दक्षता के साथ ही कागजी व फील्ड की बारीकियों की जानकारी दी जाती है। पूरे वर्ष यहां पर प्रशिक्षुओं के बैच लगते रहते हैं। मौजूदा समय में करीब 75 प्रशिक्षु डिप्टी एसपी यहां पर प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।
यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली की लेंगे जानकारी
इसी के तहत अब यूपी कैडर के 10 प्रशिक्षु आईपीएस यहां पर प्रशिक्षण लेने आ रहे हैं। इनमें से एक वर्ष 2019 व नौ आईपीएस वर्ष 2020 बैच के हैं। ये सभी यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण करने के तरीकों से रूबरू होंगे। हैदराबाद स्थित अकादमी में एक साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी ने भीमराव अकादमी में आमद करानी शुरू कर दी है। यहां पर प्रशिक्षुओं को एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हर राज्य की पुलिस का काम करने के तरीके में कुछ बदलाव होते हैं। इसी वजह से प्रशिक्षुओं को उनके राज्य की पुलिसिंग के बारे में जानकारी दी जाती है। यहां पर प्रशिक्षुओं को यूपी पुलिस के गौरवशाली इतिहास, काम करने के तरीके, अपराध नियंत्रण, अनसुलझे मामलों से निपटने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा यूपी पुलिस के लिए सिरदर्द बने अपराधियों और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन चुके बवाल और उसने निपटने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा।
अपर पुलिस महानिदेशक जयनारायण सिंह ने बताया कि यूपी पुलिस की बारीकियां सीखने के लिए प्रशिक्षुओं ने आमद करानी शुरू कर दी है। 10 प्रशिक्षुओं में तीन महिलाएं हैं। सभी को यूपी पुलिस के महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया जाएगा।
