मुरादाबाद : अवैध संबंध में गई थी रेलकर्मी की जान, महिला के बेटे ने घोंटा था गला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुई रेलकर्मी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम संबंध का निकला। महिला से प्रेम संबंध का पता उसके पुत्र को चल गया था। गांव भर में बदनाम से परेशान …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुई रेलकर्मी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम संबंध का निकला। महिला से प्रेम संबंध का पता उसके पुत्र को चल गया था। गांव भर में बदनाम से परेशान होकर उसने दोस्त के साथ मिलकर रेलकर्मी की बेल्ट और पजामी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके चेहरे को ईंट से कूच कर शव को कूड़े के ढेर में डाल दिया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित ईंट भी बरामद कर ली है।

घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सिहोराबाजे गांव निवासी प्रकाश रेलवे लाइन पर कूड़ा बीनता था। इस वजह से उसकी भोले से दोस्ती हो गई थी। करीब 10 साल से भोले का प्रकाश के घर आना-जाना था। इस दौरान भोले के प्रकाश की पत्नी से अवैध संबंध बन गए थे। भोले अक्सर रात में भी प्रकाश के घर रुक जाता था। प्रकाश की पत्नी भी भोले के क्वार्टर पर जाती रहती थी। उनके प्रेम संबंध जग जाहिर हो गए थे। प्रकाश के बेटे मुकेश ने दोनों को कई बार रंगे हाथ पकड़ भी लिया था। उसने इसका विरोध करते हुए मां को धमकी दी थी कि या तो वह उसे मार देगा या भोले की हत्या कर देगा। इसके बाद भी मुकेश की मां और भोले ने मिलना-जुलना जारी रखा। इस पर मुकेश ने उसकी हत्या की योजना बना ली। इसमें उसने अपने दोस्त सुरेंद्र सैनी को भी शामिल कर लिया।

एसपी के अनुसार मुकेश अपने मामा के घर संभल में रहकर मजदूरी करता था। वह 14 दिसंबर को एक शादी में रामपुर आया था। भोले उस दिन मुकेश के घर में ही था। उसने सुरेंद्र के जरिए भोले को रात में करीब 12 बजे बजरी के प्लांट की ओर बुला लिया। वहां तीनों ने शराब पी। जब भोले नशे में धुत हो गया तो मुकेश ने उसे जमीन पर गिरा लिया और उसकी बेल्ट से ही गला दबा दिया। सुरेंद्र ने भोले के पैर पकड़ लिए। बेहोश होने पर दोनों उसे खींचकर आलू के खेत में ले गए। यहां दोनों ने उसकी पजामी निकाली और उसी का फंदा बनाकर गले में कस दिया।

भोले की सांसें चलती देख मुकेश ने पास में ही पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद दोनों ने उसका आधार और पैन कार्ड तथा खून सनी ईंट को पास की झाड़ियों में छिपा दिया। शव को उठाकर कूड़े के ढेर में डाला और अपने-अपने घर चले गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, भोले के आधार व पैन कार्ड बरामद कर लिए हैं।

यह था मामला
हरदोई जिले के कछौनी निवासी 58 वर्षीय भोले मूंढापांडे में रेलवे में कीमैन के पद पर तैनात था। वह मूंढापांडे रेलवे स्टेशन के पास बने क्वार्टर में ही रहता था। 14 दिसंबर के बाद से वह ड्यूटी पर नहीं आया था। घर से पत्नी बिटौली ने कॉल की तो उसका फोन बंद मिला। इसके बाद बेटा संतोष परिजनों के साथ पिता की तलाश में मुरादाबाद आया था। 18 दिसंबर की शाम रेलकर्मी का शव सिहोराबाजे गांव के निकट हाईवे किनारे स्थित बजरी प्लांट में कूड़े के ढेर में मिला था। क्रिकेट खेल रहे बच्चे गेंद लेने गए तब उन्होंने शव पड़ा देखा था। पोस्टमार्टम में उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। शनिवार को ही मृतक के पुत्र संतोष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

संबंधित समाचार