मुरादाबाद : लापता नाबालिग बेटी की बरामदगी को धरने पर बैठी मां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नौ दिन से लापता बेटी को बरामद करने की मांग को लेकर मां रिश्तेदारों के साथ महिला थाने के सामने धरने पर बैठ गई। उसने बरामदगी न होने पर आत्मदाह की धमकी भी दे डाली। इसके साथ ही महिला ने थाना प्रभारी पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाते हुए उनके …

मुरादाबाद, अमृत विचार। नौ दिन से लापता बेटी को बरामद करने की मांग को लेकर मां रिश्तेदारों के साथ महिला थाने के सामने धरने पर बैठ गई। उसने बरामदगी न होने पर आत्मदाह की धमकी भी दे डाली। इसके साथ ही महिला ने थाना प्रभारी पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी अधिकारियों से की है। एसपी, एएसपी व एडीएम ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया मगर वह जिद पर अड़ी रही।

कटघर कोतवाली क्षेत्र के गाड़ीखाना छोटी मंडी निवासी बेबी शर्मा ने बताया कि उनकी 14 वर्षीया बेटी गुंजन शर्मा कक्षा आठ की छात्रा है। वह 12 दिसंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे बाजार से समोसे लाने के लिए कहकर घर से निकली थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो देर रात ढाई बजे उन्होंने कटघर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। 13 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे उनकी बहन के मोबाइल पर फोन आया।

बताया कि तुम्हारी लड़की मिल गई है, महिला थाने पर है, तुम आ जाओ। बेबी के अनुसार वह भाई राजीव के साथ थाने पहुंचीं तो वहां कार्यालय में एक आदमी और एक औरत उनकी बेटी से कुछ लिखवा रहे थे। जब वह अंदर जाने लगीं तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया और बेटी से नहीं मिलने दिया। आरोप है कि पुलिस ने उसे छिपा दिया। उसके भाई को डांट कर भगा दिया। महिला थाना प्रभारी से कहा तो उन्होंने भी डांटकर भगा दिया। इसके बाद उनकी बेटी गायब हो गई।

सोमवार की दोपहर बेबी छोटी बहन शिल्पी और भाभी सुनीता तथा रूपा के साथ बैनर लेकर महिला थाने पहुंच गईं। उन्होंने हंगामा करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। वह रो-रोकर बेटी को बरामद करने और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगा रही थीं। जानकारी पर एएसपी/सीओ सिविल लाइंस सागर जैन मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया मगर वह बरामदगी न होने तक वहां से हिलने को तैयार नहीं हुई। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया और एडीएम सिटी आलोक वर्मा भी मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया मगर वह धरने पर डंटी रही।

13 दिसंबर को गुंजन शर्मा तहरीर देने आई थी। उसने तहरीर में मां पर सही बर्ताव न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना भी दी थी मगर उनके पहुंचने से पहले ही वह वहां से चली गई। लड़की की मां ने उसकी उम्र 14 साल बताई है, जबकि वह अपनी उम्र 18 साल बता रही थी। पुलिस उसे सकुशल बरामद करने की पूरी कोशिश कर रही है। –अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी

संबंधित समाचार