अमरोहा : मिट्ठनपुर कला के प्रधान बने आबिद, 353 वोट मिले
अमरोहा/अमृत विचार। ग्राम पंचायत मिट्ठनपुर कला में हुए उपचुनाव के बाद मंगलवार को ब्लॉक परिसर में मतगणना में हुई। निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में सुबह से ही वोटों की गिनती शुरू हाे गई। आबिद अली खां 60 मतों से विजयी हुए। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। जिले …
अमरोहा/अमृत विचार। ग्राम पंचायत मिट्ठनपुर कला में हुए उपचुनाव के बाद मंगलवार को ब्लॉक परिसर में मतगणना में हुई। निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में सुबह से ही वोटों की गिनती शुरू हाे गई। आबिद अली खां 60 मतों से विजयी हुए। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिले की दो ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए सोमवार को उपचुनाव हुआ था। ग्राम पंचायत मिट्ठनपुर कला में ग्राम प्रधान की मौत हो जाने के कारण प्रधान का पद रिक्त हो गया था। जिसके बाद सोमवार को यहां उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। ग्राम पंचायत मिठनपुर कलां में मतदान के लिए तीन बूथ बनाए गए थे। सोमवार को शाम पांच बजे तक 83.72 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान संपन्न हो जाने के बाद 17 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियां में बंद हो गया था। जिनको कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक मुख्यालय पर बने स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया था।
मंगलवार को प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह से ही ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंच गए थे। सुबह आठ बजे से उपचुनाव की मतगणना शुरू हुई। जिसके चलते सुबह से ही ब्लॉक परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा पर्यवेक्षक के रूप प्रशासनिक अधिकारी मतगणना पर नजर बनाए हुए थे। दोपहर तक मतगणना पूरी हो गई। जिसमें प्रत्याशी आबिद अली खां ने विजय हासिल की। आबिद को 353 मत प्राप्त हुए जबकि दूसरे नंबर पर रहे आकिल को 293 वोट मिले। 60 मतों से आबिद ने विजय हासिल की और ग्राम पंचायत मिट्ठनपुर कला के प्रधान चुने गए। परिणाम आते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर आबिद अली का स्वागत किया। अधिकारियों ने आबिद अली को जीत का प्रमाण पत्र भी सौंप दिया।
